scorecardresearch
 

अलीगढ़: मच्छर भगाने के लिए जलाई अगरबत्ती और फट गए 4 सिलेंडर! घर में लगी भीषण आग में दो सगे भाई झुलसे

अलीगढ़ के फिरदौस नगर में देर रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक मकान में रखे गैस सिलेंडरों में धमाका हो गया. मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती या बिजली के बटन से भड़की इस आग ने पूरे घर को राख कर दिया. हादसे में दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए हैं.

Advertisement
X
अलीगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद का मंजर (Photo- Screengrab)
अलीगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद का मंजर (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: अलीगढ़ के थाना क्वार्सी क्षेत्र के फिरदौस नगर में मंगलवार रात ढाई बजे मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती या गैस लीकेज के कारण भीषण आग लग गई. शमशाद मार्केट में चाय की दुकान चलाने वाले दो सगे भाई, शहजाद और जर्राह, अपने घर की ऊपरी मंजिल पर 4 से 5 गैस सिलेंडर स्टॉक करके रखे हुए थे. 

दुकान बंद कर लौटने के बाद जैसे ही किसी ज्वलनशील वस्तु का संपर्क गैस से हुआ, एक-एक कर चार सिलेंडर फट गए. इस धमाके में दोनों भाई बुरी तरह झुलस गए और घर का ऊपरी हिस्सा जलकर खाक हो गया. स्थानीय लोगों ने धमाकों की आवाज सुनकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया.

आधी रात धमाकों से दहला इलाका

फिरदौस नगर की गली नंबर 2 में नदीम के मकान में रहने वाले किराएदारों के कमरे से अचानक तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं. घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए. 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि सिलेंडरों के फटने से पूरी इमारत हिल गई. मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मौके पर चार फटे हुए सिलेंडर पाए गए हैं. आशंका है कि कमरे में पहले से गैस लीक हो रही थी और माचिस या बिजली के स्विच के इस्तेमाल से धमाका हो गया.

Advertisement

दिल्ली रेफर किए गए घायल भाई

हादसे में घायल शहजाद और जर्राह की हालत नाजुक बनी हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ से दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल शिफ्ट किया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और अन्य सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर घर के भीतर स्टॉक करके क्यों रखे गए थे, जिससे घनी आबादी के बीच बड़ा खतरा पैदा हो गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement