दोस्तों के साथ घूमने निकले 25 साल के एक युवक ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि छुट्टियों की मस्ती उसकी जिंदगी की आखिरी दिन बन जाएगा. महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के मालवण में एक रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में हुई छोटी-सी लापरवाही ने उसकी जान ले ली. युवक ने बच्चों के लिए बने कम गहरे पूल में ऊंचाई से छलांग लगाई और सिर पूल के तल से टकराने के वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
यह हादसा मालवण के वायरी स्थित मालवणी पाहुणचार रिसॉर्ट में हुआ. मृतक की पहचान 25 वर्षीय श्रेणीक मिलिंद टाकळे के रूप में हुई है. वह कोल्हापुर जिले के कागल तहसील के इस्लामपुर का रहने वाला था और अपने 10 दोस्तों के साथ मालवण घूमने आया था. ये घटना 20 जून की है, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि ये हादसा कैसे हुआ.
कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय कुछ दोस्त कमरे में आराम कर रहे थे, जबकि बाकी स्विमिंग पूल में नहा रहे थे. इसी दौरान श्रेणीक ने करीब 8 से 10 फीट की ऊंचाई से बच्चों के लिए बने लगभग 4 फीट गहरे हिस्से में छलांग लगा दी.
पानी की गहराई कम होने के कारण उसका सिर सीधे पूल के फर्श से टकरा गया. चोट इतनी गंभीर थी कि वह वहीं बेहोश हो गया. दोस्त उसे तुरंत ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मौत का मामला
घटना की सूचना मिलते ही श्रेणीक के पिता और अन्य परिजन रात में मालवण पहुंचे. पुलिस ने पंचनामा करने के बाद आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया. मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक गणेश माने के मार्गदर्शन में पुलिस हवलदार जितेंद्र पेडणेकर कर रहे हैं.
स्विमिंग पूल में छलांग लगाने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
यह हादसा उन लोगों के लिए भी बड़ी सीख है जो बिना गहराई जाने स्विमिंग पूल में छलांग लगा देते हैं. किसी भी पूल में कूदने से पहले उसकी गहराई जरूर जांचें. बच्चों के लिए बने उथले हिस्से में कभी भी ऊंचाई से डाइव न करें. सुरक्षा नियमों का पालन करने से ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सकता है.