ब्रिटेन के ग्रेव्सेंड से सामने आई एक घटना लोगों को ये सोचने पर मजबूर कर रही है कई बार वहम भी बेवजह नहीं होता. 31 साल की क्लोए नाम की महिला ने जो दावा किया, उसे लंबे वक्त तक उसके आसपास के लोगों ने नजरअंदाज किया, लेकिन आखिरकार जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया.
ब्रिटेन के अखबार द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, क्लोए अपने फ्लैट में रहती थीं, जब एक दिन उन्होंने देखा कि उनके कमरे की छत पर बना लोफ्ट हैच खुला हुआ है.लोफ्ट हैच यानी छत में लगा खुलने-बंद होने वाला पैनल होता है. शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य बात समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन जल्द ही उन्हें अजीब सा एहसास होने लगा. उन्हें लगा जैसे कोई ऊपर मौजूद है और उन्हें देख रहा है. उसी रात क्लोए को छत के ऊपर से कदमों की आवाजें भी सुनाई दीं.
डरी हुई क्लोए ने अपने एक दोस्त को फोन किया, जो नीचे रहता था, और कहा कि उनके घर में कोई हो सकता है. लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया. धीरे-धीरे उन्होंने कई लोगों को अपनी आशंका बताई, मगर हर बार उन्हें यही कहा गया कि यह सिर्फ उनका वहम है. किसी ने कहा कि यह उनके दिमाग की आवाजें हैं, तो किसी ने उन्हें 'पागल' तक कह दिया.
क्या ये सच में था महिला का वहम!
क्लोए पहले से ही मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे एंग्जायटी और PTSD से जूझ रही थीं. ऐसे में जब उन्होंने बार-बार यही बात दोहराई, तो आसपास के लोगों को लगा कि उन्हें हैलुसिनेशन हो रहा है. दोस्तों के कहने पर उन्होंने डॉक्टर से संपर्क किया और उन्हें एंटी-साइकोटिक दवा क्वेटियापीन दी गई. दवा लेने के बाद क्लोए ने बताया कि उन्हें बेहद सुस्ती महसूस होती थी और वह खुद को एक तरह से 'जॉम्बी' जैसा महसूस करने लगी थीं.
करीब दो महीने तक दवा लेने के बाद एक रात सब कुछ बदल गया. क्लोए ने अपनी आंखों के सामने लोफ्ट हैच को खुलते देखा और वहां से एक आदमी उन्हें घूर रहा था. यह देख वह बुरी तरह घबरा गईं और तुरंत नीचे भागकर मदद के लिए चिल्लाने लगीं.
बाद में सामने आया सच
इसके बाद क्लोए ने पुलिस को बुलाया. पुलिस ने जब लोफ्ट की तलाशी ली, तो वहां सच में एक आदमी मिला, जो काफी समय से वहीं रह रहा था और उसके पास कई बैग और सामान भी मौजूद थे. पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया.
बाद में खुलासा हुआ कि वह व्यक्ति पड़ोस में रहने वाले एक शख्स का जानकार था, जिसे क्लोए के अनुसार बेघर होने के वजह से वो क्लोए के यहां छिपकर रहता था. क्लोए का दावा है कि पड़ोसी ही उसे वहां छिपाकर रख रहा था और उसे खाना भी दे रहा था. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह पड़ोसी सब कुछ जानते हुए भी अनजान बनता रहा और कहता रहा कि उसे कुछ सुनाई नहीं दिया.
इस घटना के बाद वे सभी लोग, जिन्होंने क्लोए की बातों को नजरअंदाज किया था, हैरान रह गए. जो डर उन्हें वहम लग रहा था, वह हकीकत निकला.