scorecardresearch
 

महिला टूरिस्ट ने किया था ट्रिप की बुराई वाला पोस्ट, एयरपोर्ट पहुंचते ही हुई अरेस्ट

मोरक्को में छुट्टी मनाने के लिए गई महिला ने वहां के हालात पर एक नेगेटिव वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. उसकी इस हरकत की वजह से मोरक्को की पुलिस ने महिला को अपने देश के लिए रवाना होने से पहले एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
X
नेगेटिव वीडियो बनाने पर महिला टूरिस्ट को एयरपोर्ट से कर लिया गया अरेस्ट (Photo - AI Generated)
नेगेटिव वीडियो बनाने पर महिला टूरिस्ट को एयरपोर्ट से कर लिया गया अरेस्ट (Photo - AI Generated)

छुट्टियां मनाने के बाद लोग अक्सर अपने ट्रिप के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करते हैं. कोई किसी जगह की तारीफ करता है तो कोई वहां की कमियों के बारे में बताता है. लेकिन सोचिए, अगर किसी देश की आलोचना करने वाला वीडियो पोस्ट करने पर आपको एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार कर लिया जाए तो?

कुछ ऐसा ही एक महिला टूरिस्ट के साथ हुआ. वह अपनी छुट्टियां बिताकर घर लौटने वाली थी, लेकिन विमान में सवार होने से कुछ मिनट पहले ही पुलिस ने उसे रोक लिया और हिरासत में ले लिया. आरोप है कि उसने जिस देश में छुट्टियां मनाई थीं, वहां की व्यवस्था और लोगों के बारे में एक नेगेटिव वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था.

एयरपोर्ट पर रोकी गई महिला
मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला मोरक्को के मशहूर पर्यटन शहर मराकेश का है. 30 साल की फ्रेंच-अल्जीरियाई इन्फ्लुएंसर यास नौबेल  मराकेश में छुट्टियां बिताने के बाद फ्रांस लौटने की तैयारी कर रही थीं. लेकिन 13 जून को मराकेश मेनारा एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच से गुजरने से पहले ही उन्हें रोक लिया गया.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें एक राष्ट्रीय वारंट के आधार पर हिरासत में लिया. इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया.

Advertisement

आखिर वीडियो में क्या कहा था?
यास नौबेल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और उनके हजारों फॉलोअर्स हैं. उन्होंने मराकेश ट्रिप के दौरान एक वीडियो बनाया था, जो बाद में वायरल हो गया.बताया जाता है कि वीडियो में उन्होंने मोरक्को की सड़कों और वहां के ट्रैफिक सिस्टम की आलोचना की थी.

उन्होंने कहा था कि उन्होंने पहले कभी लोगों को इस तरह वाहन चलाते नहीं देखा. उनके अनुसार, सड़क पर कारें और बाइक अचानक दिशा बदलती हैं और कई लोग बिना हेलमेट के बच्चों को साथ लेकर वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने मोरक्को की तुलना अल्जीरिया से करते हुए कहा था कि वहां की स्थिति इससे बेहतर है.

पुलिस पर भी लगाए आरोप
वीडियो में यास ने कुछ ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर भी आरोप लगाए थे. दावा किया गया कि उन्होंने कहा था कि कुछ पुलिसकर्मी महिलाओं को बिना वजह रोकते हैं और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश करते हैं.यही बयान बाद में उनके लिए मुश्किल का कारण बन गया.

अधिकारियों ने क्यों की गिरफ्तारी?
मोरक्को के अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में की गई टिप्पणियां देश के नागरिकों के लिए मानहानिकारक थीं और कानून-व्यवस्था से जुड़े संस्थानों की छवि खराब करने वाली थीं.

Advertisement

जांच एजेंसियों के मुताबिक, यास को इस संदेह में हिरासत में लिया गया है कि उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसा कंटेंट प्रकाशित किया, जिससे नागरिकों का अपमान हुआ और एक सार्वजनिक संस्था की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा.अधिकारियों ने यह भी कहा कि उनसे यह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है कि इस तरह का वीडियो बनाने और पोस्ट करने के पीछे उनकी वास्तविक मंशा क्या थी.

अभी तक क्या हुआ?
फिलहाल यास नौबेल मोरक्को में हिरासत में हैं. हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ औपचारिक आरोप तय होने या अदालत में पेशी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.जिस वीडियो को लेकर विवाद हुआ, उसे बाद में सोशल मीडिया से हटा दिया गया.

टूरिस्ट के लिए एक बड़ा सबक
मराकेश यूरोपीय पर्यटकों, खासकर फ्रांस से आने वाले लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. लेकिन यह मामला इस बात की याद दिलाता है कि विदेश यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियां भी कई बार कानूनी विवाद का कारण बन सकती हैं.

यह भी पढ़ें: 'भालू मुझे खा रहा है', मां बोली बस इतना ही बोल सकी बेटी, फोन पर सुनती रही चीख

यही वजह है कि कई देशों में टूरिस्ट को स्थानीय कानूनों और सोशल मीडिया से जुड़े नियमों का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है. यास नौबेल का मामला भी इसी बात का ताजा उदाहरण बन गया है कि एक वायरल वीडियो कभी-कभी बड़ी कानूनी परेशानी में बदल सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement