आज पूरे देश में ईद बड़े ही खुशी और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। यह इस्लाम धर्म का बहुत खास त्योहार है. पूरे महीने रोजा रखने के बाद जब आसमान में नया चांद दिखाई देता है, तब शव्वाल महीने की शुरुआत होती है और उसी के पहले दिन ईद मनाई जाती है. इस दिन सुबह लोग मस्जिद में जाकर ईद की नमाज पढ़ते हैं और इसके साथ ही रोजों का सिलसिला खत्म हो जाता है. यह त्योहार लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने, खुशियां बांटने और भाईचारे का संदेश देने के लिए जाना जाता है. ऐसे में जश्न के बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. यह वीडियो Kerala के 13 साल के बच्चे Robin Zain का बताया जा रहा है.
वीडियो में देख सकते हैं कि वह रोजा खोलने (इफ्तार) से पहले खाने की टेबल पर बैठा है. टेबल पर सामने तरह-तरह के पकवान रखे हुए हैं—फ्रूट्स, समोसे, फ्राइड आइटम और मिठाइयां. लेकिन इस वीडियो की सबसे खास बात यह है कि इफ्तार शुरू करने से पहले रॉबिन जैन भगवान गणेश की स्तुति 'गणनायकाय' गाते नजर आता है. यह देखकर लोग हैरान भी हो रहे हैं और उसकी तारीफ भी कर रहे हैं.
लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग इसे आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव का खूबसूरत उदाहरण बता रहे हैं. वहीं कुछ लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं. ईद के मौके पर जब लोग एक-दूसरे को गले लगाकर खुशियां बांट रहे हैं, ऐसे में यह वीडियो एक अलग ही संदेश देता है—कि त्योहार सिर्फ धर्म नहीं, बल्कि इंसानियत और प्रेम का भी प्रतीक होते हैं. कुल मिलाकर, यह वायरल वीडियो सिर्फ एक बच्चे का गाना नहीं, बल्कि समाज में एकता और सम्मान का एक मजबूत संदेश बनकर सामने आया है.
सोशल मीडिया पर मिली जबरदस्त तारीफ
वीडियो वायरल होते ही लोगों ने बच्चे और उसके परिवार की खूब तारीफ की। कई यूजर्स ने इसे “सच्चा सेक्युलरिज्म” बताया और कहा कि इतनी छोटी उम्र में ही बच्चे ने बड़ी बात समझ ली है कि भगवान एक ही हैं. कुछ लोगों ने इसे “रियल केरल स्टोरी” भी कहा और इसे राज्य की एकता और भाईचारे का उदाहरण बताया.
इस वीडियो पर कई मलयालम फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बच्चे की प्रतिभा और इस खूबसूरत संदेश की खुलकर तारीफ की, यह वीडियो दिखाता है कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है. एक तरफ रोजा रखा जा रहा है और दूसरी तरफ गणेश स्तुति गाई जा रही है—यह बताता है कि अलग-अलग धर्मों के लोग एक-दूसरे का सम्मान करते हैं. यह छोटा सा वीडियो लोगों को बड़ा संदेश दे रहा है कि प्यार और सम्मान सबसे ऊपर होता है।