केन्या में एक शहद बेचने वाले शख्स की अनोखी मार्केटिंग ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. बताया जा रहा है कि इस विक्रेता ने अपने सूजे हुए चेहरे की तस्वीर.जो कथित तौर पर मधुमक्खियों के डंक लगने के बाद की है.उसी को ही अपने प्रोडक्ट के प्रमोशन के लिए इस्तेमाल किया. इस तस्वीर के जरिए वह यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि उसका शहद सीधे छत्तों से निकाला गया 'रॉ' यानी असली शहद है.
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट्स के मुताबिक, यह मामला केन्या के असेम्बो इलाके से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि शख्स की पहचान और उसके बिजनेस की पूरी जानकारी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. फिर भी, यह तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से फैल गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई.
सूजे हुए चेहरे की तस्वीर की ब्रांडिंग
इस कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि विक्रेता ने अपने दर्दनाक अनुभव को छुपाने के बजाय उसे ही अपनी ताकत बना लिया. सूजे हुए चेहरे की तस्वीर को प्रोडक्ट से जोड़कर उसने एक तरह से यह संदेश देने की कोशिश की कि शहद निकालना आसान काम नहीं है. इसमें जोखिम भी शामिल है. यही वजह है कि कई लोग इसे शुद्धता की गारंटी मान रहे हैं.
यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रिया पटेल? जिनके एक बयान से अमेरिका में मचा हंगामा, हो रहीं ट्रोल!
दरअसल, शहद की मिलावट को लेकर पहले से ही दुनिया भर में चिंता जताई जाती रही है. कई रिपोर्ट्स में सामने आया है कि बाजार में मिलने वाला शहद अक्सर चीनी या अन्य सिरप मिलाकर बेचा जाता है. ऐसे में इस तरह की अनोखी मार्केटिंग लोगों को ज्यादा भरोसेमंद लग रही है.
अफ्रीका से जुड़े एक सोशल मीडिया पेज Africa Today Media Group ने भी इस अनोखी मार्केटिंग पर पोस्ट शेयर की, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.
यह कहानी मुख्य रूप से फेसबुक, इंस्टाग्राम और X जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिए वायरल हुई है, जहां यूजर्स इस आइडिया की तारीफ कर रहे हैं. कई लोग इसे एक दर्दनाक घटना को स्मार्ट मार्केटिंग में बदलने का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं.
हालांकि इस पूरे मामले की पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह साफ है कि आज के दौर में लोग उन प्रोडक्ट्स की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं जो उन्हें असली और व्यक्तिगत लगते हैं. इस केस में, एक साधारण तस्वीर ने न सिर्फ ध्यान खींचा, बल्कि एक आम प्रोडक्ट को ग्लोबल चर्चा का विषय बना दिया.