आजकल सोशल मीडिया के दौर में लोग किसी भी तरह का चैलेंज लेने के लिए तैयार रहते हैं, चाहे वह कितना ही अजीब या खतरनाक क्यों न हो. कई लोग वायरल होने या लाइक्स पाने के लिए बिना सोचे-समझे ऐसे ट्रेंड्स को फॉलो करने लगते हैं, जो कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकते हैं. चीन में एक अजीब और खतरनाक घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ऑनलाइन वायरल ‘ज़िप टाई एस्केप चैलेंज (zip tie escape challenge)’ करते-करते खुद ही बुरी तरह फंस गया. यह मामला Guangzhou का है. वहां एक आदमी ने इंटरनेट पर चल रहे इस चैलेंज को ट्राय किया, जिसमें लोग खुद को रस्सियों या ज़िप टाई से बांध लेते हैं और फिर खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हैं.
मदद के लिए बुलानी पड़ी पुलिस
इस व्यक्ति ने भी खुद को बहुत कसकर बांध लिया. उसने अपने शरीर को पहले रजाई में लपेटा, फिर मछली पकड़ने वाले जाल से बांधा और उसके बाद गर्दन से लेकर पैरों तक ज़िप टाई लगा ली. लेकिन वह खुद को छुड़ा नहीं पाया और फंस गया. जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकल पाया, तो उसने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया. उसी समय वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने उसकी आवाज सुनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची. दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखा कि आदमी बिस्तर पर बुरी तरह बंधा हुआ है. फिर उन्होंने उसे सावधानी से छुड़ाया.
कई बार ऐसे ट्रेंड हो सकते हैं जानलेवा
पुलिस के मुताबिक, उसकी गर्दन पर लगी ज़िप टाई बहुत खतरनाक थी. अगर थोड़ी भी देर हो जाती या वह ज्यादा कोशिश करता, तो उसकी जान भी जा सकती थी. वह आदमी सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चैलेंज को फॉलो कर रहा था. लेकिन यह चैलेंज मजाक से ज्यादा खतरनाक साबित हुआ. इस घटना के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कुछ लोगों ने इसे मजाकिया माना, जबकि कई लोगों ने कहा कि ऐसे खतरनाक चैलेंज से दूर रहना चाहिए. कुल मिलाकर, यह घटना एक बड़ी सीख देती है कि इंटरनेट पर दिखने वाली हर चीज सुरक्षित नहीं होती. कई बार ऐसे ट्रेंड जानलेवा भी हो सकते हैं, इसलिए इन्हें बिना सोचे-समझे नहीं अपनाना चाहिए.