scorecardresearch
 

80 साल का बेटा, 99 साल के पिता… 30 साल बाद पूरा किया अनोखा वादा

अमेरिका के अलाबामा में एक अनोखी घटना सामने आई, जहां 80 साल के जिमी रश अपने 99 साल के पिता के साथ मशहूर Wintzell’s Oyster House रेस्त्रां पहुंचे. यहां लगे एक पुराने बोर्ड के अनुसार, अगर 80 साल का बेटा अपने पिता के साथ आए तो उसे मुफ्त ऑयस्टर दिए जाते हैं. जिमी ने 30 साल पहले यह बोर्ड देखकर वादा किया था कि वे 80 साल की उम्र में अपने पिता के साथ यहां आएंगे.

Advertisement
X
99 साल की उम्र में भी जिम रश पूरी तरह स्वस्थ हैं. Photo: Facebook/Wintzell's Oyster House
99 साल की उम्र में भी जिम रश पूरी तरह स्वस्थ हैं. Photo: Facebook/Wintzell's Oyster House

अमेरिका के अलाबामा राज्य से एक बेहद दिलचस्प और भावुक कहानी सामने आई है. यहां 80 साल के एक व्यक्ति ने अपने 99 साल के पिता के साथ मिलकर 30 साल पुराना वादा पूरा किया. इस खास मौके पर दोनों एक रेस्त्रां पहुंचे और वहां उन्हें इनाम के तौर पर मुफ्त सीप (ऑयस्टर) परोसे गए. यह कहानी सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच काफी चर्चा में है.

Spokesman.com के अनुसार, यह कहानी अलाबामा के मशहूर Wintzell’s Oyster House रेस्त्रां से जुड़ी है. इस रेस्त्रां में कई दशकों से एक मजेदार बोर्ड लगा हुआ है, जिस पर लिखा है कि 'अगर कोई 80 साल का बेटा अपने पिता के साथ यहां आए, तो उसे मुफ्त ऑइस्टर (सीप) दिए जाएंगे.' लेकिन इस शर्त को पूरा करना आसान नहीं था, क्योंकि इसके लिए बेटे का 80 साल का होना और उसके पिता का जीवित होना जरूरी था.

90 साल पुराना ‘फ्री ऑयस्टर’ ऑफर, पूरा करना था मुश्किल
अमेरिका के Jimmy Rush ने यह अनोखा वादा पूरा किया. जिमी बताते हैं कि करीब 30 साल पहले जब वे 50 साल के थे, तब उन्होंने पहली बार यह बोर्ड देखा था. उसी समय उन्होंने मन में ठान लिया कि जब वे 80 साल के होंगे, तब अपने पिता को साथ लेकर यहां जरूर आएंगे. उन्हें भरोसा था कि उनके पिता तब तक स्वस्थ रहेंगे और वे यह वादा पूरा कर पाएंगे. समय बीतता गया और आखिरकार 23 फरवरी को जिमी 80 साल के हो गए. अपने जन्मदिन के दिन वे अपने 99 साल के पिता Jim Rush का हाथ थाम कर उसी रेस्त्रां पहुंचे. यह पल उनके लिए बेहद खास था, क्योंकि उनके पिता साल 1938 में इस रेस्त्रां के खुलने के बाद से ही यहां आते रहे थे.

Advertisement

.

रेस्त्रां की दीवारों पर हजारों मजेदार चुटकुलों और संदेशों वाले बोर्ड लगे हैं, लेकिन 'फ्री ऑयस्टर' वाला बोर्ड सबसे खास साबित हुआ. बताया जाता है कि यह बोर्ड करीब 90 साल पुराना है. उस समय औसत जीवन प्रत्याशा (Average Life Expectancy) केवल 61 साल के आसपास थी, इसलिए किसी बेटे का 80 साल की उम्र में अपने पिता के साथ आना लगभग असंभव माना जाता था. इस खास मौके को मनाने के लिए जिमी और उनके पिता अकेले नहीं आए थे. इस जश्न में उनके परिवार और दोस्तों सहित करीब 60 लोग शामिल हुए. जिमी के अनुसार, वे पिछले 30 साल से इस दिन का इंतजार कर रहे थे और आखिरकार वह पल आ ही गया जब उन्होंने अपना वादा पूरा किया.

99 साल की उम्र में भी हैं फिट
सबसे दिलचस्प बात यह है कि 99 साल की उम्र में भी जिम रश पूरी तरह स्वस्थ हैं. वे आज भी रोजाना करीब 8 किलोमीटर पैदल चलते हैं और किसी भी तरह की दवा नहीं लेते. यही उनकी लंबी और स्वस्थ जिंदगी का राज माना जाता है. रेस्टोरेंट के मालिक Clay Ominski ने इस मौके पर कहा कि आज के समय में जब लोगों के लिए वादे निभाना मुश्किल होता जा रहा है, तब 30 साल बाद भी इस तरह किसी वादे को पूरा होते देखना बेहद खुशी की बात है. इस अनोखी घटना की चर्चा अब अलाबामा ही नहीं बल्कि दूसरे इलाकों में भी हो रही है.  जिमी रश का कहना है कि यह कहानी यहीं खत्म नहीं होगी. उनके परिवार को अब 2028 का इंतजार है, जब उनका छोटा भाई भी 80 साल का होगा और वे अपने पिता के साथ फिर से उसी रेस्त्रां में जाकर मुफ्त ऑयस्टर का आनंद लेने की योजना बना रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement