तापस रॉय (Tapas Roy) पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ राजनेता हैं. वह वर्तमान में पश्चिम बंगाल सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं. उनके पास उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम, सार्वजनिक उपक्रम एवं औद्योगिक पुनर्निर्माण तथा गैर-पारंपरिक एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत जैसे विभागों की जिम्मेदारी भी है. वह 2026 से मणिकतला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
तापस रॉय का जन्म 4 जुलाई 1956 को पश्चिम बंगाल के हिंदमोटर में हुआ था. उनके पिता का नाम अमरेंद्र कृष्ण रॉय था. उन्होंने कोलकाता विश्वविद्यालय से संबद्ध सेंट पॉल्स कॉलेज से वर्ष 1982 में बीएससी (B.Sc.) की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वर्ष 1986 में सुरेंद्रनाथ लॉ कॉलेज से एलएलबी (LL.B.) की डिग्री प्राप्त की. राजनीति में आने से पहले उन्होंने वकालत की और व्यवसाय से भी जुड़े रहे.
तापस रॉय ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कॉलेज के दिनों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से की थी. वह कोलकाता नगर निगम के वार्ड संख्या 48 से पार्षद चुने गए और दो कार्यकाल तक इस पद पर रहे. इसके बाद उन्होंने विधानसभा चुनाव में विद्यासागर सीट से जीत दर्ज की और विधायक बने.
वर्ष 1998 में ममता बनर्जी के नेतृत्व में कांग्रेस से अलग हुए समूह के साथ उन्होंने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का दामन थाम लिया. इसके बाद वह बड़ाबाजार और फिर बारानगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार में सांख्यिकी, योजना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग में स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया. साथ ही वह पश्चिम बंगाल विधानसभा में डिप्टी चीफ व्हिप भी रहे.
जनवरी 2024 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बारानगर नगर पालिका भर्ती मामले की जांच के सिलसिले में उनके आवास पर छापेमारी की थी. जांच एजेंसी कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गई, लेकिन इस मामले में उन्हें न तो गिरफ्तार किया गया और न ही उनके खिलाफ आरोप तय किए गए.
मार्च 2024 में तपस रॉय ने तृणमूल कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए. उसी वर्ष उन्होंने कोलकाता उत्तर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके.
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तपस रॉय मणिकतला सीट से विधायक चुने गए. इसके बाद उन्हें राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया और वाणिज्य एवं उद्योग सहित कई विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई. वर्ष 2026 में उन्होंने कुछ समय के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा के प्रो-टेम स्पीकर की जिम्मेदारी भी निभाई.
लोकसभा चुनावों से पहले टीएमसी को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के दिग्गज नेता तापस रॉय बीजेपी में शामिल हो गए हैं. उन्होंने सोमवार को ही तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दिया था. कयास लगाई जा रही है कि उनके जाने से पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है. पूरी खबर जानने के लिए देखें वीडियो.