देवन वर्मा (Deven Verma) भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत के अभिनेता, निर्माता और निर्देशक थे. उनका जन्म 23 अक्टूबर 1937 को गुजरात के कच्छ में हुआ था. उनका मूल नाम देवेंदु वर्मा था, जिसे उन्होंने कॉलेज के दिनों में बदलकर देवन वर्मा कर लिया. उनके पिता बलदेव सिंह वर्मा फिल्म वितरण के व्यवसाय से जुड़े थे, जबकि उनकी माता का नाम सरला देवी थाय. बचपन का अधिकांश समय उन्होंने महाराष्ट्र के पुणे में बिताया.
देवन वर्मा ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पुणे में पूरी की. इसके बाद उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से संबद्ध नौरोजी वाडिया कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र में ऑनर्स के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने फिल्म जगत की ओर रुख किया.
उन्होंने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ कुछ मराठी और भोजपुरी फिल्मों में भी काम किया. फिल्मी करियर के दौरान उन्होंने अभिनेता के अलावा निर्माता और निर्देशक के रूप में भी जिम्मेदारियां निभाईं. उन्होंने फिल्म 'बेशर्म' का निर्माण और निर्देशन किया. अभिनय के क्षेत्र में उन्होंने कई प्रसिद्ध निर्देशकों के साथ काम किया, जिनमें बासु चटर्जी, ऋषिकेश मुखर्जी और गुलजार शामिल हैं.
देवन वर्मा को अपने करियर में कई लोकप्रिय फिल्मों में अभिनय करने का अवसर मिला. उन्हें फिल्म 'चोरी मेरा काम', 'चोर के घर चोर' और 'अंगूर' के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला. इसके अलावा उन्होंने कई पारिवारिक, सामाजिक और मनोरंजन प्रधान फिल्मों में विभिन्न तरह की भूमिकाएं निभाईं.
उनका विवाह रूपा गांगुली से हुआ, जो दिग्गज अभिनेता अशोक कुमार की बेटी और अभिनेत्री प्रीति गांगुली की बहन थीं. परिवार के साथ उनका जीवन पुणे में भी जुड़ा रहा. उनकी चार बहनें थीं, जिनके नाम निरुपमा, तुषार, अमिता और पारुल थे. इनमें अमिता और पारुल जुड़वां बहनें थीं.
2 दिसंबर 2014 को पुणे में देवन वर्मा का निधन हुआ. उस समय उनकी उम्र 77 वर्ष थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और वे किडनी संबंधी समस्या से भी जूझ रहे थे. भारतीय सिनेमा में अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के रूप में उनका नाम आज भी दर्ज है.