scorecardresearch
 

तिलक वर्मा पर ‘ओए अंधेरे...’, बोलते ही फंसे अर्शदीप सिंह, बैन की आई नौबत

पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह एक वायरल वीडियो के बाद विवादों में घिर गए हैं. वीडियो में वह मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा पर कथित तौर पर रंगभेदी टिप्पणी करते नजर आए. पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई और सीजन भर के बैन की मांग की है.अब सबकी नजर BCCI पर है कि वह इसे मजाक मानेगा या अनुशासनहीनता.

Advertisement
X
तिलक वर्मा पर कमेंट कर मुश्किल में अर्शदीप. (Photo, PTI)
तिलक वर्मा पर कमेंट कर मुश्किल में अर्शदीप. (Photo, PTI)

पूर्व भारतीय स्पिनर लक्ष्मण शिवरामकृष्णन ने पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अर्शदीप कथित तौर पर मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा पर रंगभेदी टिप्पणी करते नजर आए, जिसके बाद विवाद भड़क गया.

पूरा मामला एक वायरल स्नैपचैट वीडियो से जुड़ा है, जिसे अर्शदीप ने 14 मई को शेयर किया था. वीडियो में वह मजाकिया अंदाज में तिलक वर्मा से कहते दिखे, 'ओए अंधेरे, सनस्क्रीन लगाया?' इसके बाद उन्होंने तिलक के साथी खिलाड़ी नमन धीर की ओर इशारा करते हुए उन्हें पंजाब का 'असल नूर' बताया.

हालांकि वीडियो में माहौल हल्का-फुल्का नजर आया और तिलक ने जवाब भी दिया कि वह पहले से सनस्क्रीन लगाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर इस टिप्पणी को लेकर तीखी बहस छिड़ गई. कई यूजर्स ने इसे मजाक नहीं, बल्कि रंगभेदी टिप्पणी बताया.

'मजाक कहकर टालना गलत’

शिवरामकृष्णन ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि क्रिकेट में इस तरह की बातों को 'ड्रेसिंग रूम बैंटर' कहकर नजरअंदाज करना गलत है. उनका मानना है कि प्रोफेशनल क्रिकेट में जूनियर खिलाड़ी अक्सर खुलकर विरोध नहीं कर पाते.

Advertisement

पूर्व लेग स्पिनर ने लिखा कि यही वजह है कि रंगभेद जैसी समस्याएं खत्म नहीं हो पा रही हैं. उन्होंने साफ कहा, 'अब क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, एक प्रोफेशन है.'

इसके बाद उन्होंने अर्शदीप पर पूरे सीजन का बैन लगाने और आर्थिक दंड लगाने की भी मांग की, ताकि भविष्य के लिए कड़ा संदेश जाए.

शिवरामकृष्णन ने यह भी दावा किया कि अगर बीसीसीआई इस मामले में कार्रवाई करता है, तो वह अपने करियर के दौरान उनके साथ हुए नस्लीय दुर्व्यवहार का भी खुलासा करेंगे.

racism controversy

BCCI के लिए नई मुश्किल?

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड इस सीजन खिलाड़ियों के ऑफ-फील्ड व्यवहार और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर पहले ही सख्त एडवाइजरी जारी कर चुका है.

अर्शदीप इससे पहले भी चर्चा में रहे थे, जब उनके एक व्लॉग में साथी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल कथित तौर पर वेपिंग विवाद में घिर गए थे.

मौजूदा IPL आचार संहिता के मुताबिक, खेल की भावना के खिलाफ जाने या क्रिकेट की छवि खराब करने वाले किसी भी व्यवहार की जांच मैच रेफरी या BCCI की अनुशासन समिति कर सकती है. अब सवाल यह है कि बोर्ड इस मामले को दोस्तों के बीच मजाक मानेगा या प्रोफेशनल मर्यादा का उल्लंघन.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement