scorecardresearch
 

T20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन की तूफानी फॉर्म का राज क्या है? रवि शास्त्री ने कर दिया बड़ा खुलासा

संजू सैसमन से खिताबी मुकाबले में भी तूफानी बल्लेबाजी की उम्मीद है. संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ शानदार पारियां खेली थीं, जिसने भारत की जीत का रास्ता तैयार किया. भारत-न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को फाइनल होना है.

Advertisement
X
संजू सैसमन की तूफानी फॉर्म जारी है. (Photo: Getty)
संजू सैसमन की तूफानी फॉर्म जारी है. (Photo: Getty)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने जबरदस्त फॉर्म हासिल कर ली है. संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारतीय टीम को यादगार जीत दिलाई थी. इसके बाद संजू ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके चलते भारत 253/7 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा और मैच को आखिरकार 7 रनों से अपने नाम किया.

अब भारतीय टीम 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करेगी. खिताबी मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री ने संजू सैमसन की सफलता का राज बताया है. शास्त्री का मानना है कि संजू के खेल में आया मानसिक बदलाव और निरंतरता पर फोकस उनकी हालिया कामयाबी की असली वजह है.

रवि शास्त्री ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के शो ICC Review में कहा, 'संजू सैमसन ने आखिरकार यह समझ लिया है कि सिर्फ प्रतिभा काफी नहीं होती, बल्कि लगातार अच्छा प्रदर्शन करना भी उतना ही जरूरी है. सैमसन के पास हर तरह के शॉट खेलने की क्षमता हमेशा से रही है, लेकिन पहले कई बार ध्यान भटकने और गलत शॉट चयन की वजह से वह बड़ी पारियां नहीं खेल पाते थे. अब उन्होंने अपने खेल को ज्यादा परिपक्व और संतुलित बना लिया है.'

Advertisement

रवि शास्त्री ने कहा कि संजू सैमसन की प्रतिभा पर कभी सवाल नहीं था, लेकिन लोग उनकी लगातार अच्छा प्रदर्शन ना कर पाने से निराश थे. संजू अब 31 साल की उम्र में वह परिपक्व खिलाड़ी बन चुके हैं और मैच जिताने की क्षमता रखते हैं. शास्त्री कहते हैं, 'संजू के पास हर शॉट हैं, लेकिन उन्हें अपने शॉट चयन में समझदारी दिखानी होगी और अपनी ताकत पर भरोसा करना होगा. अब वह पहले से ज्यादा मानसिक रूप से मजबूत नजर आ रहे हैं.'

यह भी पढ़ें: 34 छक्के, 39 चौके और 499 रन, भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में रिकॉर्ड्स की बारिश, संजू रच गए खास कीर्तिमान

टी20 वर्ल्ड कप के दो अहम मुकाबलों में संजू सैमसन ने भारत को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई है. हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत सैमसन के लिए अच्छी नहीं रही थी. संजू ने अपने शुरुआती मुकाबलों में नामीबिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ी पारी नहीं खेली थी, जिसके बाद उनकी जगह को लेकर सवाल भी उठने लगे थे. हालांकि जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आलोचकों को करारा जवाब दिया. अगर संजू इसी फॉर्म में रहे तो खिताब जीतने की राह आसान हो सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement