आईपीएल 2026 का 21वां मुकाबला सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. इस मैच में हैदराबाद ने टेबल टॉपर राजस्थान को 57 रनों से मात दी. इस जीत के हीरो रहे साकिब हुसैन और प्रफुल हिंज, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही 4-4 विकेट झटके और राजस्थान की पूरी बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया.
इस मुकाबले में टॉस जीतकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. हैदराबाद ने ईशान किशन के तूफानी 91 रनों के दम पर राजस्थान के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा था. लेकिन इसके जवाब में उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही. और पहले ही ओवर में एक रन पर तीन विकेट गिर गए. वैभव और यशस्वी दोनों ही फ्लॉप रहे. राजस्थान की टीम 159 पर सिमट गई.
ऐसी रही राजस्थान की पारी
217 रनों के जवाब में उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही. प्रफुल्ल ने अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट गिरा दिए. वैभव सूर्यवंशी, जुरेल और प्रोटेरियस तीनों अपना विकेट गंवा बैठे. अगले ओवर में यशस्वी भी 1 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद रियान पराग भी सस्ते में निपट गए. लेकिन फिर फरेरा और जडेजा ने अच्छी बल्लेबाजी की. दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई. लेकिन 15वें ओवर में फरेरा का विकेट गिर गया. फरेरा ने 69 रन बनाए. इसके बाद अगले ही ओवर में जडेजा भी अपना विकेट गंवा बैठे. आखिरकार राजस्थान की पारी 159 के स्कोर पर ही सिमट गई.
डेब्यू में ही छाए साकिब-प्रफुल
साकिब हुसैन और प्रफुल हिंज को ईशान किशन की कप्तानी में आज डेब्यू का मौका मिला था. दोनों ने इस मौके को खूब भुनाया. प्रफुल ने 4 ओर में केवल 34 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके. इसमें पहले ही ओवर में उन्होंने 3 विकेट लिए थे. जिसमें वैभव का भी विकेट शामिल था. वहीं, साकिब ने 4 ओवर में केवल 24 रन खर्च किए और 4 विकेट झटके. यानी डेब्यू कर रहे दो गेंदबाजों ने कुल 8 विकेट लिए और राजस्थान को बड़ा झटका दिया.
यह भी पढ़ें: RR vs SRH: कौन हैं प्रफुल हिंज... जिन्होंने IPL डेब्यू के पहले ही ओवर में रचा इतिहास, कोई नहीं कर सका ऐसा
ऐसे रही हैदराबाद की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी हैदराबाद को पहली ही गेंद पर झटका लगा और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले जोफ्रा आर्चर का शिकार बन गए. इसके बाद ट्रेविस हेड और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला. दोनों ने 6 ओवर यानी पावरप्ले में हैदराबाद का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. लेकिन 7वें ओवर में हैदराबाद को दूसरा झटका लगा जब ट्रेविस हेड 18 रन बनाकर आउट हो गए. लेकिन इसके बाद ईशान किशन नहीं रुके. उन्होंने केवल 30 गेंदों में शानदार फिफ्टी लगाई.
फिफ्टी जड़ने के बाद ईशान ने तूफानी अंदाज में बैटिंग की और 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 का पार पहुंचा दिया. हैदराबाद को तीसरा झटका 14वें ओवर में लगा जब ईशान किशन 91 रन बनाकर आउट हो गए. ईशान ने अपनी पारी में 44 गेंदों का सामना किया और 8 चौके और 6 छक्के जड़े.
इसके बाद हेनरिक क्लासेन 26 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, नीतीश रेड्डी ने 13 गेंद में 28 रन बनाए. जिसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट खोकर 216 रन बनाए.
सनराइजर्स हैदराबाद (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा.
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे.