scorecardresearch
 

'नेट रनरेट नहीं, गलत फैसले जिम्मेदार', पाकिस्तानी टीम पर बरस पड़े शोएब अख्तर

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में सैम अयूब, बाबर आजम और सलमान मिर्जा को प्लेइंग-11 से बाहर रखा. ये फैसला कुल मिलाकर पाकिस्तानी टीम के लिए सही साबित हुआ. पाकिस्तानी टीम श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने में सफल रही, लेकिन वो अंतिम-चार में नहीं पहुंच पाई.

Advertisement
X
पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है. (Photo: Getty)
पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है. (Photo: Getty)

पाकिस्तान के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने टीम मैनेजमेंट पर जमकर निशाना साधा. अख्तर ने मौजूदा सेटअप को पूरी तरह से दिशाहीन करार देते हुए कड़े सवाल उठाए. पाकिस्तान ने शनिवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मैच में श्रीलंका को पराजित किया, लेकिन नेट रन रेट के समीकरण में वे न्यूजीलैंड से आगे नहीं निकल पाया. ग्रुप-2 से इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई.

यह भी पढ़ें: श्रीलंका-पाकिस्तान मैच में बवाल... वाइड ना मिलने पर अंपायर से भिड़े सनथ जयसूर्या

पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ 212/8 का बड़ा स्कोर बनाया था. उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कम से कम 65 रनों से हासिल करने की जरूर थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. श्रीलंका की ओर से कप्तान दासुन शनाका ने नाबाद 76 रन बनाए, जबकि पवन रत्नायके ने 58 रनों की पारी खेली. पाकिस्तान मैच जीत गया, लेकिन जीत का अंतर इतना बड़ा नहीं था कि नेट रनरेट में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ सके.

शोएब अख्तर ने पीटीवी स्पोर्ट्स के शो 'गेम ऑन है' में कहा, "बिल्कुल बेखबर. पाकिस्तान मैनेजमेंट पूरी तरह बेखबर है. आज सही टीम चुनकर उन्होंने खुद साबित कर दिया कि पूरे टूर्नामेंट में जो टीम खिलाई जा रही थी, वह गलत थी.' अख्तर का इशारा टीम कॉम्बिनेशन में देर से किए गए बदलाव की ओर था. उनका मानना है कि सही कॉम्बिनेशन पहले चुना जाता तो नतीजा अलग हो सकता था."

Advertisement

अहमद शहजाद ने भी साधा निशाना
पाकिस्तानी टीम से बाहर चल रहे सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद ने भी सवाल खड़े किए. शहजाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि तीन साल से चल रहे इस सेटअप में कोई सुधार नहीं दिख रहा. उन्होंने कहा, "तीन साल हो गए, लेकिन टीम आगे बढ़ने के बजाय पीछे जा रही है. एशिया कप के दौरान कहा गया कि युवाओं को तैयार किया जाएगा और टीम को मजबूत बनाया जाएगा. आखिर किस क्षेत्र में सुधार हुआ."

अहमद शहजाद ने एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ 84 रनों की साझेदारी करने वाले फखर जमां और साहिबजादा फरहान की ओपनिंग जोड़ी को बदलने पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, "ओपनिंग ठीक चल रही थी, तो उसे क्यों बदला गया. मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने की जरूरत थी, लेकिन वहां भी स्पष्ट योजना नहीं दिखी."

अहमद शहजाद ने बाबर आजम को नंबर-4 पर खिलाने के फैसले की भी आलोचना की. शहजाद का मानना है कि जब बाबर आजम ऊपर के क्रम में संघर्ष कर रहे थे, तो उन्हें मिडिल ऑर्डर में भेजना समस्या का समाधान कैसे हो सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement