एशिया कप 2025 में दमदार बल्लेबाजी करने वाले पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने अब भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान दिया है. फरहान ने खुलासा किया कि बुमराह की गेंदबाजी का सामना करना उनके लिए आसान नहीं था और शुरुआत में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
फरहान ने इस टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ तीन मैच खेले, जिसमें उन्होंने 58, 40 और 57 रन की पारियां खेलीं. कुल मिलाकर वह 7 पारियों में 217 रन के साथ एशिया कप 2025 के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.
ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में फरहान ने कहा- सिर्फ बुमराह की बात नहीं है, भारत के बाकी गेंदबाज भी शानदार हैं. लेकिन बुमराह ने शुरुआत में मुझे काफी परेशान किया. उन्होंने धीमी गेंद, यॉर्कर और बाउंसर का बेहतरीन इस्तेमाल किया. वह दोनों तरफ गेंद को स्विंग करा सकते हैं, इसलिए उन्हें खेलना आसान नहीं है.
फरहान ने यह भी कहा कि जब आप किसी बड़े गेंदबाज पर बड़ा शॉट लगाते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है. मैंने पहले उनके खिलाफ छक्का लगाया था, जिससे आत्मविश्वास मिला. एक बार जब आप ऐसे गेंदबाज को समझ लेते हैं तो बाकी गेंदबाजों को खेलना थोड़ा आसान हो जाता है.
Sahibzada Farhan x Jasprit Bumrah 🏏😃😃😃 pic.twitter.com/O6Ve1j25gm
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) April 14, 2026
अक्षर और कुलदीप भी कम नहीं
फरहान ने सिर्फ बुमराह ही नहीं, बल्कि भारत के अन्य गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- अक्षर पटेल और कुलदीप यादव भी शानदार गेंदबाज हैं. भारत के पास एक संतुलित अटैक है, जो बल्लेबाजों को लगातार चुनौती देता है.
टेप बॉल क्रिकेट ने दिलाई बढ़त
फरहान ने बताया कि बुमराह का सामना करने में उनके टेप बॉल क्रिकेट के अनुभव ने बड़ी भूमिका निभाई. साहिबजादा ने कहा- पहले मैच में मुझे दिक्कत हुई, लेकिन मैं उनकी यॉर्कर के लिए तैयार था. टेप बॉल क्रिकेट में मैंने कई अजीब एक्शन वाले गेंदबाजों का सामना किया है, जो धीमी गेंद और यॉर्कर डालते हैं. उसी अनुभव से मुझे मदद मिली उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच में प्रेशर ज्यादा होता है, इसलिए फोकस भी उतना ही ज्यादा रखना पड़ता है.