scorecardresearch
 

MS Dhoni फिट… लेकिन नहीं ‘मैच फिट’! IPL कमबैक में क्या बना रोड़ा?

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की IPL 2026 में वापसी को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है. बैटिंग कोच माइक हसी ने साफ किया है कि धोनी बल्लेबाजी तो कर रहे हैं, लेकिन उनकी रनिंग और मैच फिटनेस पर अभी काम बाकी है. जब तक वह पूरी तरह मैच के दबाव और तेज रनिंग के लिए तैयार नहीं होते, CSK उनकी वापसी की तारीख तय नहीं करेगा यानी फैंस को अभी थोड़ा और इंतज़ार करना पड़ेगा.

Advertisement
X
बैटिंग कोच माइक हसी धोनी को परख रहे... (Photo, PTI)
बैटिंग कोच माइक हसी धोनी को परख रहे... (Photo, PTI)

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अभी भी महेंद्र सिंह धोनी के इंतजार में है. IPL 2026 में उनके कमबैक को लेकर तस्वीर साफ नहीं है. टीम के बैटिंग कोच माइक हसी ने भी मान लिया है कि फिलहाल कोई तय टाइमलाइन नहीं है. चेन्नई अभी अंक तालिका में 7वें स्थान पर है. 

धोनी कैल्फ स्ट्रेन (पिंडली में खिंचाव) से उबर रहे हैं, टीम के साथ यात्रा कर रहे हैं और नेट्स में बल्लेबाजी भी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक CSK ने यह साफ नहीं किया है कि वह चयन के लिए कब उपलब्ध होंगे.

हसी ने ताजा अपडेट देते हुए कहा, 'वह अच्छी प्रगति कर रहे हैं और मैं उनकी बल्लेबाजी से खुश हूं.' लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि सिर्फ बैटिंग ही पैमाना नहीं है. असली परीक्षा उनकी रनिंग और मैच फिटनेस की है.

हसी ने कहा, 'अगर वह डेथ ओवर्स में बल्लेबाजी करेंगे, तो उन्हें तेज सिंगल-डबल लेने होंगे. उन्हें अपनी रनिंग में भरोसा और स्पीड दोनों बढ़ानी होगी.' यही वजह है कि CSK कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता. उन्होंने साफ कहा, 'मुझे नहीं पता वह कब खेलेंगे, लेकिन उम्मीद है जल्द ही.'

Advertisement

मामला सिर्फ बैटिंग का नहीं, मैच फिटनेस का है

IPL 2026 में धोनी ने अब तक एक भी मैच नहीं खेला है. टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही यह साफ हो गया था कि वह शुरुआती चरण मिस करेंगे. शुरुआत में वह एक छोटा ब्रेक लेंगे, अब सवाल बस इतना है- धोनी फिट हैं, पर क्या खेलने लायक हैं?

फिनिशर की भूमिका में सिर्फ टाइमिंग या पावर काफी नहीं होती. विकेटों के बीच तेजी, दबाव में निर्णय और शरीर की फुर्ती...ये सभी उतने ही जरूरी हैं. CSK फिलहाल इन्हीं पहलुओं पर सबसे ज्यादा नज़र रखे हुए है.

CSK के लिए बढ़ती बेचैनी

यह अनिश्चितता CSK के लिए मुश्किल समय में आई है. टीम पहले ही नतीजों में अस्थिरता और चोटों से जूझ रही है. ऐसे में धोनी की मौजूदगी सिर्फ बल्लेबाजी तक सीमित नहीं होती, वह ड्रेसिंग रूम में अनुभव, शांत दिमाग और मैच के अंत में खेल को नियंत्रित करने की क्षमता भी लाते हैं.

स्थिति साफ है, धोनी टीम के साथ हैं, बल्लेबाजी कर रहे हैं, रिहैब में आगे बढ़ रहे हैं. लेकिन जब तक उनकी रनिंग और मैच फिटनेस पूरी तरह संतोषजनक नहीं होती, CSK वापसी की तारीख तय नहीं करेगा. यानी IPL 2026 में धोनी की पहली झलक के लिए फैन्स को अभी थोड़ा और इंतज़ार करना पड़ेगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement