पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को लेकर बड़ा बयान दिया है. मोहसिन नकवी ने दावा किया कि पीएसएल तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को पछाड़कर दुनिया की नंबर-1 फ्रेंचाइजी लीग बनेगी.
पीसीबी बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक में बोलते हुए मोहसिन नकवी ने कहा कि पाकिस्तान सुपर लीग अब निवेश के लिहाज से एक बड़ा और आकर्षक मार्केट बन चुका है. उन्होंने कहा, 'पीएसएल अब निवेश के लिए सबसे बेहतरीन मार्केट बन चुकी है. वो दिन दूर नहीं जब पीएसएल दुनिया की नंबर-1 लीग होगी.'
मोहसिन नकवी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान सुपर लीग का 11वां सीजन सीमित संसाधनों के साथ खेला जा रहा है. मौजूदा हालात में टूर्नामेंट सिर्फ दो वेन्यू पर बिना दर्शकों के आयोजित हो रहा है, जबकि दूसरी ओर आईपीएल बिना किसी रुकावट के कई शहरों में खेला जा रहा है.
IPL के सामने कहीं नहीं टिकता PSL
हालांकि, आंकड़े पाकिस्तान सुपर लीग और आईपीएल के बीच बड़े अंतर को साफ दिखाते हैं. आईपीएल के मीडिया राइट्स की वैल्यू करीब 6 बिलियन अमेरिकी डॉलर आंकी जाती है, जबकि पाकिस्तान सुपर लीग के मीडिया राइट्स लगभग 93 मिलियन डॉलर के आसपास हैं. इसके अलावा आईपीएल की सालाना कमाई 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा है, जबकि पीएसएल करीब 60 मिलियन डॉलर का रेवेन्यू जनरेट करती है.
यह भी पढ़ें: PSL में हैंडशेक के दौरान गरमाया माहौल, भिड़ गए दो दिग्गज खिलाड़ी! VIDEO
हाल ही में जारी वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) की रैंकिंग में भी दोनों लीग्स के बीच अंतर नजर आया. इस रैंकिंह में पाकिस्तान सुपर लीग 48 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है, जबकि आईपीएल 62.2 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है. रैंकिंग में द हंड्रेड और SA20 लीग आईपीएल से ऊपर हैं.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी बैटर का धमाका... PSL में शतक जड़कर विराट कोहली की बराबरी की
पाकिस्तान सुपर लीग के मौजूदा सीजन में विवाद भी देखने को मिले हैं. फखर जमां को बॉल टेम्परिंग के मामले में दो मैचों के लिए सस्पेंड किया गया. वहीं शाहीन शाह आफरीदी और सिकंदर रजा को होटल में अनधिकृत मेहमान लाने के कारण दंडित किया गया.
फिलहाल, मोहसिन नकवी के इस बयान ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा को जन्म दिया है. जहां एक तरफ पाकिस्तान सुपर लीग के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया गया है. वहीं मौजूदा आंकड़े और हालात IPL की मजबूत स्थिति को साफ तौर पर दर्शाते हैं.