IPL 2026 में सोमवार को आरसीबी की शानदार जीत के बाद एक ऐसा पल सामने आया जिसने मैच से ज्यादा सुर्खियां बटोर लीं. विराट कोहली और ऑन-फील्ड अंपायर अजितेश अर्गल के बीच हुई मुलाकात सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
यह कोई सामान्य बातचीत नहीं थी, बल्कि 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप के पुराने साथियों का रीयूनियन था. दोनों खिलाड़ी ICC Under-19 Cricket World Cup 2008 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे, जहां कोहली कप्तान थे और अर्गल टीम के अहम गेंदबाज़.
मैच की बात करें तो आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से हराते हुए सिर्फ 6.3 ओवर में 76 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. हालांकि मैदान पर जीत बड़ी थी, लेकिन असली चर्चा मैदान के बाहर इस इमोशनल मोमेंट की रही.

कौन हैं अजितेश अर्गल
अजितेश अर्गल 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के हीरो रहे थे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 5 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द मैच बने थे. उनके प्रदर्शन की बदौलत भारत ने खिताब जीता था.
हालांकि, उनका करियर कोहली जैसे खिलाड़ियों की तरह आगे नहीं बढ़ पाया. पंजाब किंग्स (तब Kings XI Punjab) ने उन्हें पहले IPL सीजन में चुना जरूर, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. घरेलू क्रिकेट में भी सीमित मौके मिलने के बाद उन्होंने क्रिकेट से दूरी बना ली.

इसके बाद अर्गल इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से जुड़ गए, लेकिन क्रिकेट से उनका रिश्ता बना रहा. साल 2023 में उन्होंने BCCI का अंपायरिंग एग्जाम पास किया और एक नई पारी की शुरुआत की. अब वह IPL में अंपायरिंग कर रहे हैं.
इस मैच में दोनों एक बार फिर मैदान पर साथ दिखे. कोहली खिलाड़ी के रूप में और अर्गल अंपायर के रूप में. मैच के बाद कोहली का उनके पास जाकर बात करना फैंस के लिए एक खास पल बन गया. वहीं, कोहली ने इस मैच में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की और IPL में 9000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज़ बन गए.