इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-6 में गुरुवार (2 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइ़डर्स (KKR) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में हुए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से पराजित किया. मुकाबले में मेजबान टीम केकेआर को जीत के लिए 227 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन उसकी पूरी टीम 16 ओवरों में 161 रनों पर सिमट गई.
सनराइजर्स हैदराबाद की मौजूदा सीजन में ये पहली जीत रही. बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद को अपने पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स को भी मुंबई इंडियंस (MI) ने 6 विकेट से हरा दिया था. अब हैदराबादी टीम जीत की पटरी पर लौट आई है.
ऐसा रहा कोलकाता का रनचेज
रनचेज में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फिन एलन ने तूफानी शुरुआत की. एलन ने चार चौके और दो छक्के की मदद से सिर्फ 7 गेंदों पर 28 रन बनाए. एलन हालांकि अपनी इनिंग्स को बड़ी नहीं कर पाए और उन्हें हर्ष दुबे ने कॉट एंड बोल्ड किया. कप्तान अजिंक्य रहाणे से अच्छी इनिंग्स की उम्मीद थी, मगर वो 10 गेंदों का सामना करते हुए महज 8 रन बना सके. कैमरन ग्रीन (2 रन) इस मैच में भी नहीं चले और वो रन आउट हुए. ग्रीन के आउट होने के समय कोलकाता का स्कोर 74/3 था.
अंगकृष रघुवंशी ने जरूर टीम को संभालने की कोशिश और 27 गेंदों पर फिफ्टी जमाई. रघुवंशी हालांकि फिफ्टी जड़ने के कुछ देर बाद ही रन आउट हो गए. रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और दो छक्के शामिल रहे. अनुकूल रॉय अपना खाता भी खोल नहीं पाए और उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी ने चलता किया. फिर नीतीश रेड्डी ने रिंकू सिंह (35 रन) को भी पवेलियन भेजा, जो क्रीज पर सेट हो चुके थे.
यहां से कोलकाता नाइट राइडर्स गेम से पूरी तरह बाहर हो चुकी थी. सुनील नरेन (12 रन), रमनदीप सिंह (10 रन), वैभव अरोड़ा (5 रन) और वरुण चक्रवर्ती (0 रन) आउट होने वाले आखिरी चार बैटर रहे. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो सफलताएं मिलीं.
ऐसी रही हैदराबाद की पारी
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 226 रन बनाए. सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत धमाकेदार रही. ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने मिलकर महज 5.4 ओवरों में 82 रनों की साझेदारी की. हेड ने 6 चौके और तीन छक्के की मदद से 21 बॉल पर 46 रन बनाए. हेड को विकेट कार्तिक त्यागी ने लिया.
कप्तान ईशान किशन कुछ खास नहीं कर सके और 14 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजारबानी का शिकार बने. मुजारबानी ने 9वें ओवर में अभिषेक को भी आउट किया. अभिषेक ने 21 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और चार चौके शामिल रहे. अभिषेक के आउट होने के समय हैदराबाद का स्कोर 112/3 था.
यह भी पढ़ें: OUT या नॉटआउट? वरुण चक्रवर्ती के लो कैच पर हुआ ड्रामा, नाखुश दिखे अभिषेक शर्मा, VIDEO
अनिकेत वर्मा इस मुकाबले में कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 1 रनों के निजी स्कोर पर अनुकूल रॉय का शिकार बने. यहां से हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी की. नीतीश ने चार चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 39 रनों का योगदान दिया.
नीतीश कुमार रेड्डी के आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन पर पूरी जिम्मेदारी आ गई. क्लासेन ने निराश नहीं किया और फिफ्टी जड़ने में कामयाब रहे. क्लासेन ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 35 गेंदों पर 52 रनों का योगदान दिया. सलिल अरोड़ा (0 रन) और शिवांग कुमार (4 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए ब्लेसिंग मुजारबानी ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके. वहीं वैभव अरोड़ा को दो सफलताएं हासिल हुईं.
इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 20 मुकाबलों में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जीत हासिल की. जबकि सनराइजर्स हैदराबाद को सिर्फ 11 मैचों में सफलता मिली. हालांकि, पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच टक्कर बराबरी की रही थी. पिछले सीजन दोनों टीमों के बीच खेले गए 2 मुकाबलों में स्कोर 1-1 से बराबर रहा था.
कोलकाता vs हैदराबाद H2H
कुल IPL मैच: 31
कोलकाता ने जीते: 20
हैदराबाद ने जीते: 11
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, जयदेव उनादकट और डेविड पेन.
इम्पैक्ट सब: ईशान मलिंगा.
कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग-11: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और ब्लेसिंग मुजारबानी.
इम्पैक्ट सब: फिन एलन