ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष दोनों देशों की सीमाओं से आगे बढ़ चुका है. ईरान ने इजरायल और उन खाड़ी देशों पर भी हमले किए हैं, जहां संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के सैन्य ठिकाने मौजूद हैं. शनिवार तड़के इजरायल की ओर कई मिसाइलें जाते हुए देखी गईं, जिसके बाद इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया और कई मिसाइलों को हवा में ही रोकने की कोशिश की गई. इसके जवाब में इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए नए हवाई हमले किए.
पश्चिम एशिया में लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच पूर्व क्रिकेटर कामरान खान का बयान चर्चा में आ गया है. ईरान और इजरायल के बीच टकराव के बीच 34 वर्षीय कामरान ने दावा किया है कि अगर अन्य देश इस संघर्ष में हस्तक्षेप न करें, तो ईरान महज 24 घंटे में ईरान को हरा सकता है. कामरान का मानना है कि दोनों देशों को आमने-सामने लड़ने दिया जाए, तो नतीजा ईरान के पक्ष में होगा.
कामरान खान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में कहा, 'मैं बहुत जिम्मेदारी से ये बात बोल रहा है. अमेरिका, सऊदी अरब, बहरीन कतर, ओमान, कतर... ये सारे कंट्रीज साइड हो जाएं. ईरान और इजरायल में जंग होने दें. 24 घंटे में इजरायल को ईरान नक्शे से खत्म कर देगा.'
कामरान खान ने आगे कहा, 'ईरान बहुत पावरफुल है और उनके अंदर जिगर है. ईरान की जनता सड़कों पर है. वहीं इजरायल के लोग बंकर में छिपे हुए हैं. 24 घंटे के लिए छोड़ दें इन दोनों को, आपस में निपटने दें. 24 घंटे में ईरान इजरायल पर कब्जा कर लेगा.'
कामरान खान ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए सुर्खियां बटोरी थीं. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कामरान ने आगे चलकर पुणे वॉरियर्स इंडिया (PWI) के लिए भी आईपीएल में एक मुकाबला खेला. एक समय कामरान को भारत के उभरते तेज गेंदबाजों में गिना जाता था, लेकिन वो इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाए. कामरान ने 9 आईपीएल मैचों में 24.88 की औसत से 9 विकेट झटके. कामरान ने उत्तर प्रदेश के लिए सिर्फ 2 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले, जिसमें उनके नाम पर 28.60 के एवरेज से 5 विकेट दर्ज हैं.
लेबनान पर भी इजरायल का अटैक
इजरायल ने पड़ोसी देश लेबनान में भी कई हमले किए हैं. इजरायल का कहना है कि इन हमलों का निशाना ईरान और हिजबुल्लाह से जुड़े ठिकाने थे. इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरुत के दक्षिणी इलाकों पर भी बमबारी तेज कर दी है, जिससे बड़े पैमाने पर लोगों का पलायन शुरू हो गया है. नॉर्वेजियन रिफ्यूजी काउंसिल के अनुसार हाल के दिनों में लेबनान में करीब 3 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं. वहीं लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इजरायली हमलों में 123 लोगों की मौत हो चुकी है और 683 लोग घायल हुए हैं.
ईरान से जुड़े मीडिया संस्थानों के मुताबिक मेहराबाद एयरपोर्ट को भी हमले में निशाना बनाया गया. संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी के अनुसार अमेरिका और इजरायल के हमलों में अब तक 1332 ईरानी नागरिकों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग घायल हुए हैं. वहीं ईरान के हमलों में इजरायल में 11 लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा इस संघर्ष में कम से कम 6 अमेरिकी सैनिकों के भी मारे जाने की खबर सामने आई है.