कोलकाता का ईडन गार्डन का मैदान, 7 अप्रैल 2026 तारीख और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का मैच नंबर 12. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच IPL मुकाबला बारिश और गीले आउटफील्ड के कारण रद्द हो गया. KKR 25/2 पर संघर्ष कर रही थी. दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जिससे पंजाब पांच अंकों के साथ टॉप पर पहुंच गई.
KKR की हालत बेहद खराब थी और टीम 3.4 ओवर में 25 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका, हालांकि कट-ऑफ टाइम को बढ़ाकर रात 11:14 बजे तक किया गया था.
A roller-coaster turn of events for this exciting rivalry 🎢#TATAIPL | #KhelBindaas | #KKRvPBKS pic.twitter.com/nkJtiEwpfg
— IndianPremierLeague (@IPL) April 6, 2026
रात करीब 9 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जो धीरे-धीरे तूफान में बदल गई. हालात इतने खराब थे कि ईडन गार्डन्स का 'हैंगिंग प्रेस बॉक्स' भी तेज हवाओं में हिलता हुआ नजर आया, मानो भूकंप आ गया हो. करीब 10:30 बजे बारिश थमी, जिसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने कवर हटाए और मैदान को तैयार करने की कोशिश की.
पिच और आउटफील्ड काफी हद तक ठीक नजर आए, लेकिन बाउंड्री के पास कुछ जगहों पर पानी जमा हो गया था. इसके बाद अंपायर अभिजीत बेंगरी और जे मदनगोपाल ने निरीक्षण किया. इस दौरान क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी मैदान का जायजा लिया. KKR कप्तान अजिंक्य रहाणे और पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर से चर्चा के बाद रात 11 बजे मैच रद्द करने का फैसला लिया गया.
IPL 2025 में भी KKR और पंजाब के बीच यही मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था. अब KKR का अगला मैच लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गुरुवार को इसी मैदान पर है, जहां फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है.
Match 1⃣2⃣ between @KKRiders and @PunjabKingsIPL has been called off due to wet outfield 🌧️
— IndianPremierLeague (@IPL) April 6, 2026
Both teams get a point each.#TATAIPL | #KhelBindaas | #KKRvPBKS pic.twitter.com/FpRpfljBpo
चूंकि पंजाब और KKR के बीच बारिश वजह से धुला और पॉइंट बंट गए, ऐसे में सवाल बनता है कि क्या आईपीएल इतिहास में ऐसा भी हुआ है जब एक मैच में आई बारिश ने किसी टीम का आईपीएल के प्लेऑफ में पहुंचने का सपना तोड़ दिया. आईपीएल का प्लेऑफ टॉप 4 टीमें खेलती हैं. लेकिन 2025 में उससे पहले एक नियम भी आया था.
जब IPL में मैच पूरे कराने को आया 120 मिनट एक्स्ट्रा का नियम
IPL 2025 में बारिश के खतरे को देखते हुए BCCI ने लीग मैचों के लिए भी 120 मिनट अतिरिक्त समय देने का फैसला किया था. नए फैसले के बाद 20 ओवर का पूरा मैच शाम के मुकाबले में रात 9:30 बजे तक शुरू किया जा सकता था, जबकि दोपहर के मैच में यह समय शाम 5:30 बजे तक होगा.
वहीं, कम से कम पांच ओवर के मैच के लिए कट-ऑफ टाइम दोपहर के मैच में 7:56 बजे और शाम के मैच में 11:56 बजे तक रखा गया है, जिसमें 10 मिनट का ब्रेक भी शामिल है.IPL 2025 में बारिश का काफी असर देखने को मिला था. जिनमें टीमों को अंक साझा करने पड़े थे. इसी वजह से यह चीज लागू हुई थी.
कब-कब बारिश की वजह से टीमों का प्लेऑफ का सपना टूटा
1- 17 मई 2025: इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)के बीच खेला जाने वाला अहम मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. यह मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया, जिसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक दे दिया गया.
इस नतीजे का सबसे बड़ा नुकसान तब KKR को हुआ, जो प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बचे हुए मुकाबले जीतने की स्थिति में थी. लेकिन इस वॉशआउट के साथ ही कोलकाता की उम्मीदें गणितीय रूप से खत्म हो गईं. उसके बाद भले ही बाकी टीमों के नतीजे उनके पक्ष में जाते, तब भी KKR वापसी नहीं कर सकती थी.
KKR के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा था क्योंकि टीम पहले से ही अंक तालिका में संघर्ष कर रही थी और हर मैच 'करो या मरो' की स्थिति में था. ऐसे में बिना खेले अंक बांटना उनके लिए किसी हार से कम नहीं रहा.
2- 16 मई 2024: सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया और बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया. इस नतीजे के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने एक अहम अंक हासिल कर IPL 2024 के प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली थी. तब उस मैच से मिले एक अंक के बाद SRH के अब 15 अंक हो गए थे और टीम लीग चरण के अंत में टॉप-4 में रहने के लिए सुनिश्चित हो गई थी.
3- 13 मई 2024: अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स (GT) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का मैच बारिश और बिजली गिरने के कारण बिना टॉस के रद्द हो गया. KKR को एक अंक मिलकर टॉप-2 में जगह पक्की हो गई, जबकि गुजरात प्लेऑफ से बाहर हो गई.
खराब नेट रन रेट के चलते GT पहले ही मुश्किल में थी. तेज तूफान ने मैच कराना असंभव बना दिया. गुजरात के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा था. टीम अंक तालिका में आठवें स्थान पर थी और प्लेऑफ की उम्मीद जिंदा रखने के लिए जीत जरूरी थी. लेकिन मौसम ने उन्हें मौका ही नहीं दिया. यहां तक कि मैच का टॉस भी नहीं हो सका.
4-22 मई 2008: IPL का यह मैच इतिहास में खास रहा क्योंकि यह टूर्नामेंट का पहला पूरी तरह रद्द (abandoned) मुकाबला था. दिल्ली डेयरडेविल्स और और कोलकाता के बीच दिल्ली में होने वाला यह मैच बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था. इस नो-रिजल्ट का सबसे बड़ा फायदा तब Kings XI Punjab को मिला, जिन्होंने प्लेऑफ में जगह बना ली. वहीं KKR के लिए यह झटका साबित हुआ था उसका सफर वहीं खत्म हो गया था.
IPL सीजन के वॉशआउट मैच
| 2008 | 1 |
| 2009 | 2 |
| 2011 | 1 |
| 2012 | 1 |
| 2015 | 1 |
| 2017 | 1 |
| 2024 | 3 |
| 2025 | 4 |
| 2026 | 1 |
KKR IPL इतिहास की सबसे ज्यादा बारिश से प्रभावित टीमों में शामिल है. अब तक करीब 8 मैच उनके बारिश के कारण रद्द हुए हैं. कई बार ये मुकाबले प्लेऑफ की दौड़ में अहम थे, जहां जीत की जगह एक-एक अंक मिला. इससे टीम की क्वालिफिकेशन संभावनाओं को बड़ा नुकसान हुआ है. KKR के लिए यह सिर्फ आंकड़ों की बात नहीं, बल्कि नुकसान की कहानी भी है.
2008, 2009, 2012, 2015, 2024, 2025 और 2026 जैसे कई सीजन में टीम को ऐसे वॉशआउट झेलने पड़े, जहां मुकाबले रद्द होने से उन्हें पूरे दो अंक के बजाय सिर्फ एक अंक से संतोष करना पड़ा.