scorecardresearch
 

IPL 2026: CSK में क्या होगा एमएस धोनी का रोल? सीईओ ने कर दिया खुलासा

CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने साफ कर दिया है कि एमएस धोनी आईपीएल 2026 का पूरा सीजन खेलेंगे. हालांकि वह बल्लेबाज, विकेटकीपर-बल्लेबाज या इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलेंगे, इसका फैसला कोचिंग स्टाफ करेगा.

Advertisement
X
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी (Photo: ITG)
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी (Photo: ITG)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के बाद अब फैन्स की दिलचस्पी आईपीएल में बढ़ने लगी है. जिसका आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. आईपीएल में सबसे ज्यादा चर्चा एमएस धोनी को लेकर हो रही है. लेकिन इसी बीच फैन्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है.  धोनी आईपीएल 2026 का पूरा सीजन खेलेंगे. यह जानकारी चेन्नई सुपरकिंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने बुधवार को दी.

धोनी ने इस महीने की शुरुआत में चेन्नई पहुंचकर नए सीजन की तैयारी भी शुरू कर दी है. टीम की ट्रेनिंग कैंप की कमान कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ संभाल रहे हैं.

धोनी की भूमिका पर कोचिंग स्टाफ करेगा फैसला

आईपीएल 2026 से पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि चेन्नई सुपरकिंग्स ने संजू सैमसन को राजस्थान से ट्रेड करके टीम में शामिल किया है, ताकि धोनी इस बार कम मैच खेलें या सीमित भूमिका निभाएं. लेकिन काशी विश्वनाथन ने साफ कहा कि धोनी पूरे सीजन के सभी मैच खेलेंगे. हालांकि वह किस भूमिका में खेलेंगे, इसका फैसला टीम का कोचिंग स्टाफ करेगा.

उन्होंने कहा कि यह क्रिकेट से जुड़ा फैसला है, इसलिए प्रशासनिक टीम इसमें दखल नहीं देगी. कोचिंग स्टाफ तय करेगा कि धोनी बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे, विकेटकीपर-बल्लेबाज होंगे या फिर इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका निभाएंगे.

Advertisement

44 साल की उम्र में भी फिट दिखे धोनी

44 साल के धोनी आईपीएल 2026 के लिए पूरी तरह फिट नजर आ रहे हैं. उन्होंने पिछले महीने से ही रांची में हल्की नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी थी और अब चेन्नई में टीम के साथ कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं. धोनी ने पिछले दो सीजन भी पूरे खेले थे, जबकि उन्हें घुटने की चोट की समस्या थी. आईपीएल 2025 में तो उन्होंने बीच टूर्नामेंट में कप्तानी भी संभाली थी, जब गायकवाड़ चोटिल हो गए थे.

पिछला सीजन CSK के लिए रहा खराब

आईपीएल के इतिहास में पहली बार चेन्नई सबसे नीचे यानी वुडन स्पून पर रही थी. पांच बार की चैंपियन टीम अब आईपीएल 2026 में जोरदार वापसी करना चाहेगी. काशी विश्वनाथन ने कहा कि भारत की वर्ल्ड कप जीत से भी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है. खासकर CSK के खिलाड़ियों संजू सैमसन और शिवम दुबे के शानदार प्रदर्शन से टीम को फायदा मिलेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement