इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की परेशानियां कम होती नजर नहीं आ रही हैं. टीम को एक साथ कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को होनी है और इसका खिताबी मुकाबला 31 मई को निर्धारित है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की सबसे बड़ी चिंता स्टार तेज गेंदबाज जोस हेजलवुड की फिटनेस है. रिपोर्ट्स के मुताबिक हेजलवुड अभी भी रिहैब में हैं और उनका आईपीएल 2026 में खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा. पिछले कुछ सीजन में हेजलवुड आरसीबी के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज बनकर उभरे हैं. ऑस्ट्रेलियाई पेसर ने आरसीबी के लिए 27 मैचों में 45 विकेट लिए हैं और उनका औसत 18.64 रहा है. ऐसे में अगर वह शुरुआती मैचों से बाहर रहते हैं तो यह आरसीबी के लिए बड़ा झटका हो सकता है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हो रही हैं. टीम का घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी को आईपीएल 2026 में वेन्यू के तौर पर तो शामिल किया गया है, लेकिन अभी भी इसे अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है. अगर समय रहते क्लीयरेंस नहीं मिला, तो टीम को अपने घरेलू मैच किसी दूसरे मैदान पर खेलने पड़ सकते हैं.
पैट कमिंस का खेलना भी तय नहीं
उधर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता भी अभी स्पष्ट नहीं है. तेज गेंदबाज कमिंस ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 मिस किया था और एशेज 2025-26 में सिर्फ एक मुकाबला उन्होंने खेला था, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल खड़े हो रहे है.
टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी अब धीरे-धीरे अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़ेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक सभी भारतीय खिलाड़ी 16 मार्च तक आईपीएल कैम्प में शामिल हो जाएंगे. हालांकि कई टीमों ने अपनी शुरुआती तैयारियां जनवरी-फरवरी से ही शुरू कर दी थीं.
आईपीएल टीमों के लिए एक और चुनौती विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता है. खासकर वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका के कुछ खिलाड़ी पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते उड़ानों के रद्द होने से काफी दिनों तक भारत में फंसे रहे. इस वजह से कई खिलाड़ियों के समय पर टीम कैम्प से जुड़ने पर भी संशय बना हुआ है.
आईपीएल 2026 में शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया गया है. बाकी मैचों का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद घोषित किया जाएगा.