15 साल के वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल में दूसरा साल पहले से भी बेहतर जा रहा है. हालांकि IPL 2026 में वह अभी तक शतक नहीं लगा पाए हैं, लेकिन उन्होंने शुरुआती 6 मैचों में दो बार सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिए हैं और कुल 246 रन बना लिए हैं.
इस दौरान 15 साल के इस बल्लेबाज ने आधुनिक T20 क्रिकेट के दो बेहतरीन गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और जोश हेजलवुड की जमकर धुनाई की. हालांकि इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज Steven Finn ने उन्हें आउट करने के लिए एक खास प्लान बताया है.
फिन ने पहले मजाक में कहा कि गेंदबाज को सूर्यवंशी को गेंद डालने से पहले अपने कप्तान से बचने के लिए पिंडली (calf) या हैमस्ट्रिंग में खिंचाव का बहाना बना लेना चाहिए.
वैभव को लेकर क्या बोले फिन
फिन ने कहा, उसे खेलते देखना बेहद मुश्किल लगता है. यहां तक कि नेट्स में जोफ्रा आर्चर जैसे गेंदबाज भी उसे हर तरह की गेंद डाल रहे थे- फुल, वाइड, शॉर्ट, सीधी. लेकिन हर गेंद बाउंड्री के पार जा रही थी.
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को बताया फ्यूचर स्टार, IPL में बैटिंग के हुए फैन
फिन ने सुझाव दिया कि अगर कोई बल्लेबाज इतनी आज़ादी से खेलता है, तो शुरुआत में टाइट लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करनी चाहिए और लेग साइड को सुरक्षित रखना चाहिए. उन्होंने आगे कहा, इसके बाद अगर तीन-चार टाइट गेंदों के बाद अचानक एक धीमी, फुल और वाइड गेंद डाली जाए, तो बल्लेबाज को चौंकाया जा सकता है और वह गलती कर सकता है.
यह भी पढ़ें: टीम की हार से टूट गए वैभव... बाउंड्री पर बैठे 15 साल के सूर्यवंशी के छलक पड़े आंसू
लेकिन फिन ने यह भी माना कि फिलहाल सूर्यवंशी को आउट करना काफी हद तक किस्मत पर निर्भर लग रहा है. सूर्यवंशी की जबरदस्त क्षमता का सबसे बड़ा उदाहरण तब देखने को मिला, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह को छक्का जड़ा था.