1 मार्च (बुधवार) को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 5वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 6 विकेट से मात दी. मुकाबले में लखनऊ की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रन बनाए. फिर दिल्ली कैपिटल्स ने 142 रनों के टारगेट को 17.1 ओवरों में हासिल कर लिया.
रनचेज में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बहुत खराब रही. पहली ही गेंद पर केएल राहुल बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद नीतीश राणा (15 रन) भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. पावरप्ले में प्रिंस यादव ने कहर बरपाते हुए पथुम निसंका (1 रन) और कप्तान अक्षर पटेल (0 रन) को लगातार गेंदों पर आउट कर दिया. अक्षर जब आउट हुए, तब दिल्ली का स्कोर 26/4 था और मैच पूरी तरह लखनऊ की पकड़ में नजर आ रहा था.
समीर की साहिक पारी, स्टब्स भी छाए
लेकिन यहां से कहानी बदल गई. 'इम्पैक्ट प्लेयर' समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को पूरी तरह संभाल लिया. समीर रिजवी ने एक समय 11 गेंदों पर सिर्फ 5 बनाए थे. लेकिन पारी के आठवें ओवर में एनरिक नॉर्किया की आखिरी गेंद को थर्ड मैन के ऊपर से छक्के के लिए भेजकर उन्होंने मोमेंटम हासिल किया. फिर पारी के 10वें ओवर में समीर ने शाहबाज अहमद की खबर लेते हुए तीन चौके लगाए. इस ओवर ने मुकाबले को दिल्ली कैपिटल्स की ओर काफी हद तक शिफ्ट कर दिया.
समीर रिजवी ने इसके बाद एडेन मार्करम और मोहसिन खान को नहीं बख्शा और कुछ तगड़े प्रहार किए. दूसरी ओर ट्रिस्टन स्टब्स भी जम चुके थे और उन्होंने खराब गेंदों पर रन बटोरने से बिल्कुल परहेज नहीं किया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 119* रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई. रिजवी ने 47 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. जबकि स्टब्स ने तीन चौके और एक सिक्स की मदद से 32 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया.
इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही. कप्तान ऋषभ पंत सिर्फ 7 रन बनाकर रन आउट हो गए. एडेन मार्करम (11 रन), निकोलस पूरन (8 रन) और आयुष बदोनी (0 रन) सस्ते में आउट हो गए. मिचेल मार्श ने 35 रन जरूर बनाए, लेकिन वह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. अब्दुल समद ने 36 रनों का योगदान दिया, जिससे टीम 141 तक पहुंच पाई. दिल्ली के लिए तेज गेंदबाजों लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन ने 3-3 विकेट लिए. जबकि स्पिनर कुलदीप यादव को 2 सफलताएं मिलीं.
दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का मौजूदा सीजन में ये पहला मुकाबला रहा. दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ आगाज किया. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को निराशा हाथ लगी. 26/4 की मुश्किल स्थिति से निकलकर दिल्ली कैपिटल्स ने मैच जीतकर दिखा दिया कि टी20 क्रिकेट में आखिरी ओवर तक कुछ भी संभव है.