शुभमन गिल की अगुवाई वाली गुजरात टाइटन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में टॉम बैंटन का रिप्लेसमेंट खोज लिया है. इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बैंटन उंगली में लगी चोट के चलते आईपीएल 2026 से बाहर हो गए थे. उन्होंने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ मैचों में 155 रन बनाए थे.
गुजरात टाइटन्स ने बैंटन की जगह साउथ के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन को टीम में शामिल किया है. एस्टरहुइजेन को उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपये में साइन किया गया. 24 साल के एस्टरहुइजेन पहली बार आईपीएल में खेलते नजर आएंगे. उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर साउथ अफ्रीका के लिए टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. पांच मैचों की उस सीरीज में उन्होंने 200 रन बनाए थे और 145.98 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी.
अपने पहले ही इंटरनेशनल दौरे में कॉनर एस्टरहुइजेन ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था. उनकी बल्लेबाजी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया था. इस सीरीज में उन्होंने 13 छक्के भी लगाए थे. एस्टरहुइजेन इससे पहले SA20 में MI केप टाउन के लिए खेल चुके हैं. वह प्रिटोरिया कैपिटल्स की उस टीम का भी हिस्सा रहे थे, जिसने SA20 फाइनल तक का सफर तय किया था.
हालांकि SA20 के पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन बहुत शानदार नहीं रहा था. उन्होंने 12 मैचों में सिर्फ 166 रन बनाए थे और उनका स्ट्राइक रेट 105.73 रहा था. गुजरात टाइटन्स में कॉनर एस्टरहुइजेन को फिलहाल विकेटकीपर जोस बटलर के बैकअप के तौर पर देखा जा रहा है.
गुजरात टाइटन्स ने साल 2022 में अपने डेब्यू आईपीएल सीजन में खिताबी जीत हासिल की थी. हालांकि आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स की शुरुआत खराब रही, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार दो मैच जीतकर वापसी की. गुजरात ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराया.
गुजरात टाइटन्स का स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, शाहरुख खान, मानव सुथार, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, अनुज रावत, निशांत सिंधु, गुरनूर बराड़, अरशद खान, कुमार कुशाग्र, आर साई किशोर, ल्यूक वुड, जयंत यादव, ईशांत शर्मा और कॉनर जएस्टरहुइजेन (विकेटकीपर).