Vastu Tips: हम अक्सर सुनते आए हैं कि सुबह की अच्छी शुरुआत, आधा काम पूरा कर देती है, लेकिन भागदौड़ भरी इस जिंदगी में हम सुबह उठते ही अनजाने में कुछ ऐसी चीजें कर बैठते हैं, जो हमारे पूरे दिन की लय बिगाड़ देती हैं. दरअसल, सुबह उठने का समय हमारे मन और मस्तिष्क के लिए ब्लैंक पेपर की तरह होता है हम जो भी देखते हैं या जो भी सोचते हैं पूरा दिन उसी रंग में रंग जाता है.
वास्तु शास्त्र और ज्योतिष विज्ञान की मानें तो सुबह का समय सकारात्मक ऊर्जा का भंडार होता है, लेकिन हमारी कुछ गलतियां इस ऊर्जा को नकारात्मकता में बदल देती हैं. ये छोटी-छोटी दिखने वाली आदतें न केवल हमारे मानसिक सुकून को छीनती हैं, बल्कि घर की सुख-समृद्धि और बरकत पर भी सीधा असर डालती है. ज्योतिष के नजरिए से देखें तो सुबह-सुबह की गई कुछ गलतियां हमारे ग्रहों की चाल को भी प्रभावित कर सकती हैं, जिससे बनते हुए काम भी बिगड़ने लगते हैं.
1. उठते ही आईना देखना है मना
अक्सर लोगों की आदत होती है कि बिस्तर छोड़ते ही सबसे पहले शीशा देखते हैं. वास्तु के अनुसार, सोते समय हमारे शरीर में कुछ नकारात्मक ऊर्जा होती है जिसे आईना बढ़ा सकता है. इसलिए सुबह उठकर सबसे पहले अपनी हथेलियों को देखें (कराग्रे वसते लक्ष्मी) या अपने ईष्ट देव का ध्यान करें.
2. किचन में न छोड़ें जूठे बर्तन
अगर आप रात के बर्तन सुबह के लिए छोड़ देते हैं, तो यह आपकी तरक्की में रुकावट बन सकता है. सुबह-सुबह गंदे बर्तन देखना नकारात्मकता फैलाता है. कोशिश करें कि रात को ही किचन साफ करके सोएं, ताकि सुबह की शुरुआत ताजगी और पॉजिटिविटी के साथ हो.
3. बंद घड़ी और खराब सामान
सुबह उठते ही अगर आपकी नजर किसी बंद पड़ी घड़ी या टूटे हुए सामान पर पड़ती है, तो यह अशुभ माना जाता है. बंद घड़ी समय के रुकने या काम में बाधा आने का प्रतीक है. अपने कमरे में हमेशा चालू घड़ी और व्यवस्थित सामान ही रखें.
4. जंगली जानवरों की तस्वीरें
आजकल कई लोग वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी के शौकीन होते हैं, लेकिन सुबह उठते ही किसी हिंसक जानवर या उदासी भरी तस्वीर को देखना आपके स्वभाव में चिड़चिड़ापन ला सकता है. इसकी जगह सुबह किसी उगते सूरज, फूल या शांत प्रकृति वाली तस्वीर को देखना बेहतर है.
5. परछाई देखने से बचें
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सुबह उठते ही अपनी या दूसरों की परछाई देखना भी अच्छा नहीं माना जाता. ऐसा करने से मन में डर और तनाव बढ़ता है. कोशिश करें कि दिन की शुरुआत रौशनी और स्पष्टता के साथ करें.