Basant Panchami 2024: आज देशभर में बसंत पंचमी का त्योहार मनाया जा रहा है. यह पर्व हर साल माघ शुक्ल पंचमी तिथि को मनाया जाता है. बसंत पंचमी का दिन मां सरस्वति को समर्पित है. इस दिन मां सरस्वती की पूजा विधि-विधान से किए जाने से विद्या और ज्ञान का आर्शीवाद मिलता है. सरस्वती पूजा के दिन सरस्वती स्त्रोत का जाप भी जरूर करना चाहिए. साथ ही पूजा वाली जगह पर कोई पुस्तक, वाद्य यंत्र या कोई भी कलात्मक चीज आवश्यक रखें. आइए आपको बसंत पंचमी का शुभ मुहूर्त और 10 चमत्कारी उपाय बताते हैं.
बसंत पंचमी का शुभ मुहूर्त (Basant Panchami shubh muhurt)
बसंत पंचमी 13 फरवरी को दोपहर 02.41 बजे से अगले दिन 14 फरवरी को दोपहर 12.09 बजे तक रहेगी. उदिया तिथि के चलते बसंत पंचमी का त्योहार 14 फरवरी को मनाया जाएगा. इस दिन सरस्वती पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 07.00 से दोपहर 12.41 बजे तक रहेगा. यानी सरस्वती पूजा के लिए आपके पास करीब साढ़े पांच घंटे का समय रहेगा.
बसंत पंचमी की पूजन विधि (Saraswati Puja vidhi)
बसंत पंचमी के दिन जल्दी उठें. अपने घर में अच्छी तरह साफ सफाई करने के बाद पूजा की तैयारी करें. इस दिन स्नान करने से पहले नीम और हल्दी का लेप अपने शरीर पर अवश्य लगाएं. नहाने के बाद पीले या सफेद रंग के कपड़े पहनें. मां सरस्वती की मूर्ति या प्रतिमा को पूजा वाली जगह पर स्थापित करें.
माता सरस्वती की मूर्ति या प्रतिमा के बगल में भगवान गणेश की मूर्ति जरूर रखें. इस दिन पूजा वाली जगह पर कोई पुस्तक,वाद्य यंत्र या कोई भी कलात्मक चीज आवश्यक रखें. इसके बाद एक साफ़ थाली या प्लेट में कुमकुम, हल्दी, चावल, और फूलों से सजा कर भगवान गणेश और मां सरस्वती की पूजा करें. इसके बाद मां सरस्वती के मंत्रों का जाप करें. आप चाहें तो सरस्वती वंदन भी कर सकते हैं.
मां सरस्वती की वंदना
या कुन्देन्दुतुषारहारधवला या शुभ्रवस्त्रावृता।
या वीणावरदण्डमण्डितकरा या श्वेतपद्मासना॥
या ब्रह्माच्युत शंकरप्रभृतिभिर्देवैः सदा वन्दिता।
सा मां पातु सरस्वती भगवती निःशेषजाड्यापहा॥
शुक्लां ब्रह्मविचार सार परमामाद्यां जगद्व्यापिनीं।
वीणा-पुस्तक-धारिणीमभयदां जाड्यान्धकारापहाम्॥
हस्ते स्फटिकमालिकां विदधतीं पद्मासने संस्थिताम्।
वन्दे तां परमेश्वरीं भगवतीं बुद्धिप्रदां शारदाम्॥
बसंत पंचमी पर ग्रह मजबूत करने के 10 उपाय
1. कुंडली में अगर बुध कमजोर हो तो बुद्धि कमजोर हो जाती है
2. ऐसी दशा में मां सरस्वती की उपासना करें
3. मां को हरे फल अर्पित करें तो लाभदायक होगा
4. बृहस्पति के कमजोर होने पर विद्या प्राप्त करने में बाधा आती है
5. ऐसे में बसंत पंचमी के दिन पीले वस्त्र धारण करें
6. पीले पुष्प और पीले फलों से मां की उपासना करें
7. अगर शुक्र कमजोर हो तो मन की चंचलता भी होती है
8. करियर का चुनाव भी नहीं हो पाता है
9. ऐसी दशा में आज के दिन मां की उपासना करेंो
10. सफेद फूलों से मां की उपासना करना लाभदायक होता है