राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश कर रहे दो तस्करों को पीछा कर गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से पाकिस्तान से भेजी गई ड्रग्स और हथियारों की बड़ी खेप बरामद हुई है.
हेरोइन, अफीम, विदेशी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि आरोपियों के पास से करीब 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. यह खेप पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी, जिसे पंजाब के रास्ते आगे सप्लाई किया जाना था. गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंजाब के निवासी हैं, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को तस्करों की गतिविधियों की पहले से सूचना मिल गई थी. इसके बाद रायसिंहनगर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-911 पर कड़ी नाकाबंदी की गई. सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेड्स लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया था. इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में एक लग्जरी कार आती दिखाई दी, जिसका पुलिस पहले से पीछा कर रही थी.
गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में जुटी पुलिस
नाकाबंदी देखते ही कार सवार तस्करों ने बैरिकेडिंग में टक्कर मार दी और उसे तोड़कर निकलने की कोशिश की. हालांकि टक्कर के बाद गाड़ी मौके पर ही रुक गई. इसके बाद दोनों आरोपी कार से उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार यह मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स और हथियार तस्करी से जुड़ा हुआ है. शुरुआती जांच में आरोपियों के पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से संबंध सामने आए हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खेप को कहां सप्लाई किया जाना था. दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है.
(रिपोर्ट- हरनेक सिंह)