scorecardresearch
 

Ground Report: राजस्थान में LPG संकट से कई फैक्ट्रियां बंद, 4 हजार कामगारों की रोजी-रोटी पर असर

जयपुर के बगरू औद्योगिक क्षेत्र में कमर्शियल एलपीजी सप्लाई ठप होने से करीब 30 उद्योग प्रभावित हैं और उत्पादन रुकने की कगार पर है. इस संकट से लगभग 4000 मजदूरों की आजीविका पर असर पड़ा है. उद्योगपतियों का कहना है कि गैस न मिलने से फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं और निर्यात भी प्रभावित हो रहा है. रोजाना 2000 टन एलपीजी की जरूरत बताई गई है. यूनाइटेड काउंसिल ऑफ राजस्थान इंडस्ट्रीज ने चेतावनी दी कि हालात जल्द नहीं सुधरे तो नुकसान और बढ़ेगा.

Advertisement
X
रोजाना 2000 टन एलपीजी की जरूरत होती है. Photo ITG
रोजाना 2000 टन एलपीजी की जरूरत होती है. Photo ITG

राजस्थान के जयपुर के बगरू रीको औद्योगिक क्षेत्र में वाणिज्यिक एलपीजी की सप्लाई ठप होने से उद्योगों में गंभीर संकट खड़ा हो गया है. करीब 30 गैस आधारित उद्योग पिछले कई दिनों से प्रभावित हैं, जिससे उत्पादन पूरी तरह ठप होने की कगार पर पहुंच गया है. लगातार चलने वाले इन उद्योगों के बंद होने से सप्लाई चेन पर भी असर पड़ रहा है और इससे जुड़े अन्य कारोबार भी प्रभावित हो रहे हैं.

4000 कामगारों की आजीविका पर असर
बगरू इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के महासचिव नवनीत झालानी ने बताया कि इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है. उन्होंने जयपुर के जिला कलेक्टर और रसद अधिकारियों से तत्काल कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. उनका कहना है कि इन उद्योगों में करीब 4000 स्थानीय और प्रवासी मजदूर काम करते हैं, जिनकी आजीविका सीधे तौर पर इससे जुड़ी है.

उद्योगपतियों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा. दिलीप सेरामिक के मालिक दिलीप वैद ने बताया कि उनका उत्पाद 40 से अधिक देशों में निर्यात होता है, जिसमें अमेरिका सबसे बड़ा बाजार है. उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण फर्नेस बंद है और 400 मजदूरों में से केवल 20 ही काम पर बचे हैं. इससे निर्यात पर भी गंभीर असर पड़ रहा है.

Advertisement

विदेश में निर्यात होते हैं कपड़े
इसी तरह मरुधरा डाईटेक प्राइवेट लिमिटेड के मालिक सुशील मेहता ने भी अपनी फैक्ट्री बंद कर दी है. बगरू प्रिंट के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र में कपड़ा उद्योग भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. यहां से तैयार होने वाले कपड़े देश-विदेश में निर्यात होते हैं, लेकिन गैस सप्लाई ठप होने से पूरा उत्पादन रुक गया है.

रोजाना 2000 टन एलपीजी की जरूरत
उद्योग संगठनों के अनुसार, केवल बगरू क्षेत्र में ही रोजाना करीब 2000 टन एलपीजी की जरूरत होती है. यूनाइटेड काउंसिल ऑफ राजस्थान इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष नीलेश अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण गैस संकट गहराया है, लेकिन सरकार ने उद्योगों को गैर-प्राथमिकता श्रेणी में रखकर उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया है.

उन्होंने चेतावनी दी कि एक उद्योग के बंद होने से पूरी औद्योगिक श्रृंखला प्रभावित होती है और इसका असर कई अन्य इकाइयों पर भी पड़ता है. हालात ऐसे हो गए हैं कि उद्योगों को ताले लगाने पड़ रहे हैं और मजदूरों को घर भेजना पड़ रहा है.

स्थिति से नाराज उद्योग संगठनों ने राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित 'मुख्यमंत्री का उद्यमियों के साथ संवाद' कार्यक्रम का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. उनका कहना है कि जब तक गैस आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक किसी भी संवाद का कोई मतलब नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement