scorecardresearch
 

पत्नी, बहू और 6 साल की पोती को दी दर्दनाक मौत...ओडिशा में सनसनीखेज वारदात

ओडिशा के देवगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बहू और छह साल की पोती की हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के बाद गांव से फरार हो गया. पुलिस ने तीनों शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

Advertisement
X
पत्नी, बहू और 6 साल की पोती को दी दर्दनाक मौत (Photo: representational image)
पत्नी, बहू और 6 साल की पोती को दी दर्दनाक मौत (Photo: representational image)

ओडिशा के देवगढ़ जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी, बहू और छह साल की पोती की हत्या कर दी और घटना के बाद मौके से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

जानकारी के अनुसार यह घटना देवगढ़ जिले के कुंधेईगोला थाना क्षेत्र के गारियापाली गांव में बुधवार रात हुई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 52 वर्षीय रमेश गारिया का अपनी पत्नी गुल के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. बताया जा रहा है कि बहस के दौरान मामला अचानक हिंसक हो गया.

पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर रमेश ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया. हमले से बचने के लिए गुल भागकर अपनी बहू लिपि महाकुल के कमरे में चली गई. आरोप है कि रमेश वहां भी पहुंच गया और गुस्से में अपनी पत्नी, बहू और छह साल की पोती पर हमला कर दिया.

देवगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिक कुमार मिश्रा के मुताबिक तीनों पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार वारदात के समय आरोपी का बेटा धिरेन गारिया घर पर मौजूद नहीं था. वह पेशे से ड्राइवर है और काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था. जब वह घर लौटा तो उसने अपनी मां, पत्नी और बेटी को मृत अवस्था में देखा. इसके बाद उसने तुरंत कुंधेईगोला पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी रमेश गारिया वारदात के बाद गांव से फरार हो गया है. उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement