भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 31 साल की ट्विशा शर्मा की अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. पुलिस ने इसे शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला बताया है, जबकि परिवार ने इसे दहेज प्रताड़ना और साजिश से जुड़ा मामला बताते हुए पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इस घटना ने कानूनी और राजनीतिक स्तर पर संवेदनशील स्थिति पैदा कर दी है.
बता दें, ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं और उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी. समर्थ सिंह पूर्व सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं. पुलिस के अनुसार 12 मई की रात उन्हें उनके घर में फंदे पर लटका हुआ पाया गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला.
पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी अस्पताल से रात करीब 11 बजे मिली. बताया जा रहा है कि घटना वाली रात रात ट्विशा ने करीब 10 बजे तक अपने परिवार से बातचीत की थी. परिवार का दावा है कि वह उस समय भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थीं.
संदिग्ध मौत से मचा सियासी और कानूनी तूफान
मामले के बाद परिजनों की शिकायत पर पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और दहेज प्रताड़ना के तहत केस दर्ज किया गया है. इसके साथ ही भोपाल पुलिस ने जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है.
परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ट्विशा पर मानसिक और शारीरिक अत्याचार किया जा रहा था. उनका कहना है कि उसे नौकरी और गर्भावस्था को लेकर लगातार परेशान किया जाता था. परिवार ने यह भी दावा किया कि मौत से पहले वह मानसिक तनाव में थी और बार बार घर लौटने की बात कर रही थी.
ट्विशा के परिवार ने आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली कानूनी पृष्ठभूमि का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. इसी आधार पर उन्होंने न्यायिक निगरानी में जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है. परिवार ने यहां तक कहा कि अगर न्याय नहीं मिला तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे.
मृतका के परिजनों ने लगाया दहेज प्रताड़ना के आरोप
मामले में तब और संवेदनशीलता बढ़ गई जब ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहा है. उन्होंने कहा कि अदालतों में उन्हें राहत मिल रही है, जो सवाल खड़े करता है. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है. इस बीच पुलिस जांच में ट्विशा और उसकी मां के बीच व्हाट्सएप चैट्स सामने आए हैं. इन चैट्स में ट्विशा ने लिखा था कि उसे बहुत घुटन महसूस हो रही है और वह मानसिक रूप से परेशान है.
कुछ संदेशों में उसने अपने ससुराल के लोगों पर संदेह करने और परेशान करने के आरोप भी लगाए हैं. इन चैट्स को जांच में अहम सबूत माना जा रहा है. इसके अलावा उसकी एक दोस्त के साथ इंस्टाग्राम चैट भी सामने आई है, जिसमें उसने कहा था कि वह फंसी हुई महसूस कर रही है और ज्यादा बात नहीं कर सकती. कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई.
SIT जांच में कई एंगल से हो रही पड़ताल
दूसरी तरफ आरोपी पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज किया है. सास गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका में दावा किया गया है कि ट्विशा को नशे की आदत थी और वह मानसिक रूप से अस्थिर थीं. याचिका में यह भी कहा गया कि परिवार ने कई बार उनके व्यवहार में बदलाव देखे थे. इन दावों को ट्विशा के परिवार ने पूरी तरह गलत बताया है.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है, जिसमें दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और साक्ष्यों के संभावित नुकसान की जांच शामिल है. SIT सभी पहलुओं पर काम कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं और मार्केटिंग व कम्युनिकेशन क्षेत्र में काम कर चुकी थीं. वह योग ट्रेनर भी थीं और उन्होंने फिल्म और मॉडलिंग में भी काम किया था. उनकी मौत ने पूरे मामले को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)