मध्य प्रदेश में चुनावी साल आते ही प्रदेश में सियासत गरमा गई है. नेताओं में जुबानी जंग छिड़ी हुई है. अब बुंदेलखंड भी इससे अछूता नहीं है. शिवराज सरकार के खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के बयान पर पलटवार किया है. BJP सरकार के मंत्री ने कहा कि उनके किसी भाई ने न तो गोली चलाई और न ही किसी खनिज संपदा में शामिल है. गोली चलने की घटना की कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई है. नेता प्रतिपक्ष को इस टाइप के अनर्गल बयान शोभा नहीं देते.
दरअसल, वरिष्ठ कांग्रेसी और नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह दो दिन पहले बुंदेलखंड के पन्ना दौरे पर आए थे. उन्होंने शिवराज सरकार के खनिज मंत्री पर बयान देकर सियासी हलचल मचा दी थी. दरअसल, अजयगढ़ क्षेत्र में कथित खनिज माफियाओं के बीच गोली चलने की घटना की अफवाह उड़ी थी. इस मामले में रेत ठेकेदार सत्येंद्र सिंह का नाम आ रहा था.
उस पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा था कि यह खनिज मंत्री के छोटे भाई हैं और इन्होंने गोली चलाई है. मुख्यमंत्री के संरक्षण में पूरे मध्यप्रदेश में स्थानीय मंत्री और विधायक खनिज संपदा को लूट रहे हैं.
इस मामले को लेकर खनिज मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया से कहा, न तो वह मेरे भाई हैं और न ही मेरे कोई भाई खनिज संपदा में लिप्त है. जिसकी बात नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं, वह कांग्रेस की पृष्ठभूमि से हैं और इस टाइप के अनर्गल बयान उनको शोभा नहीं देते.
हालांकि, लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायत पर मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पन्ना में रेत का वैधानिक ठेका हो गया है और जल्द ही छोटे-मोटे विवाद खत्म हो जाएंगे.