मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल के करीब अचारपुरा गांव में किसानों के बीच 'खाट पंचायत' की. पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील साइन कर भारतीय किसानों की 'आर्थिक हत्या' के फरमान पर हस्ताक्षर किए हैं. इस दौरान उन्होंने किसानों के बीच से ही अपने पिता को फोन लगाकर खेती के घाटे का लाइव उदाहरण पेश किया।
किसानों के सामने ही पटवारी ने अपने मोबाइल से पिता को कॉल लगाया और पूछा, आप कहां हो? तो उसके पिताजी ने कहा कि मैं बल्ली वाले खेत में हूं.'' पटवारी ने अगला सवाल पूछा कि वहां क्या कर रहे हो? तो उसके पिताजी कह रहे हैं कि आलू निकाल रहे हैं. तो वह फिर पूछ रहा है कि इस बार आलू का क्या भाव है? तो वह कह रहे हैं- ''9 रुपये किलो है.''
कांग्रेस नेता पिता से आगे पूछते हैं, ''क्या यह दाम सही है इस बार?'' उधर, से पिताजी बोल रहे हैं- ''नहीं, इसमें तो खाद-बीज का ही पैसा निकलेगा. मुनाफा नहीं''
तो फिर पटवारी बोलते हैं, ''मैं इसीलिए मना करता हूं कि आलू नहीं बोना चाहिए. गेहूं का क्या हाल है? तो उसके पिताजी कहते हैं कि गेहूं भी बारिश के चलते आड़े हो गए मतलब नीचे गिर गए हैं.
इस पर पटवारी ने कहा कि "जब मेरे घर में 90 बीघा जमीन होने के बाद भी खेती घाटे का सौदा है, तो छोटे किसानों का क्या हाल होगा? इसीलिए मैं कहता हूं कि भाजपा ने किसानों को खून के आंसू रुलाया है." देखें VIDEO:-
भोपाल के जवाहर चौक पर किसान महाचौपाल
ट्रेड डील के विरोध में कल यानी 24 फरवरी को भोपाल में बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इसमें शामिल होंगे. अमेरिका के साथ ट्रेड डील का विरोध और किसानों के लिए MSP की कानूनी गारंटी की मांग. पूरे प्रदेश से हजारों किसानों के भोपाल पहुँचने का दावा किया जा रहा है.
पटवारी ने केंद्र और प्रधानमंत्री पर बेहद आक्रामक बयान दिए
पटवारी ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील भारतीय किसानों के गले पर तलवार है. PM मोदी ने ट्रंप के सामने नतमस्तक होकर देश के बाजार खोल दिए हैं. पटवारी ने आरोप लगाया कि जब भारतीय सेना पाकिस्तान के ठिकाने नष्ट कर रही थी, तब डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध रुकवाकर सीजफायर करवा दिया और 'Compromised प्रधानमंत्री' ने एक शब्द नहीं कहा.
शिवराज सिंह चौहान को घेरा
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पटवारी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश के किसानों ने दिल्ली भेजा, लेकिन वे आज तक एक भी फसल MSP पर नहीं खरीद पाए. बता दें कि शिवराज प्रदेश की विदिशा सीट से BJP सांसद हैं.