MP News: इंदौर में सफाई मित्रों की ईमानदारी और समर्पण की मिसाल सामने आई है. एक महिला से गलती से करीब दो किलो वजनी चांदी का लोटा कचरे की गाड़ी में चला गया. मामला सामने आने के बाद नगर निगम के सफाई मित्रों ने हार नहीं मानी और ट्रेंचिंग ग्राउंड में घंटों तक कचरे की छंटाई कर आखिरकार कीमती लोटा खोज निकाला. इसके बाद लोटा उसके मालिक परिवार को सुरक्षित लौटा दिया गया.
दरअसल, शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र की एक महिला कई महीनों के बाद अपने बच्चों के पास से बेंगलुरु से इंदौर आई थी, जहां उसके घर पर अत्यधिक कचरा होने के कारण उसने अनजाने में घर का करीब 2 किलो वजनी चांदी का लोटा कचरे के साथ फेंक दिया. कुछ समय बाद गलती का एहसास होने पर परिवार ने स्थानीय पार्षद प्रशांत बड़वे से संपर्क किया.
सूचना मिलते ही नगर निगम के सफाई अमले को अलर्ट किया गया, लेकिन तब तक कचरे से भरी गाड़ी ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंच चुकी थी. इसके बावजूद सफाई मित्रों ने लगातार 24 घंटे तक सैकड़ों टन कचरे की छंटाई की और आखिरकार लोटा ढूंढ़ निकाला. देखें VIDEO:-
सूचना मिलने पर परिवार ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचा, जहां उन्हें उनका कीमती सामान सुरक्षित सौंप दिया गया. अपना चांदी का लोटा वापस मिलने पर परिवार ने नगर निगम और सफाई मित्रों का आभार व्यक्त किया.
इस सराहनीय कार्य में सफाई कर्मचारी विजय यादव, रवि सिंह, धीरज व्यास और अभिषेक की विशेष भूमिका रही. नगर निगम ने इन चारों कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है.