scorecardresearch
 

ऐसी पत्नी किसी को न मिले! रो-रोकर सुनाई पति के मर्डर की कहानी, खुद ही प्रेमी के साथ दी थी सुपारी

मध्य प्रदेश के धार जिले में पत्नी ने रो-रोकर पति की हत्या को लूट बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. प्रेमी के साथ मिलकर एक लाख रुपये की सुपारी देकर पति की हत्या करवाई गई थी. 36 घंटे में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement
X
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी (Photo: ITG)
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी (Photo: ITG)

मध्य प्रदेश के धार जिले से सामने आया यह मामला जितना सनसनीखेज है, उतना ही चौंकाने वाला भी. यहां एक पत्नी ने पहले तो अपने पति की हत्या की साजिश रची, फिर उसी हत्या को छुपाने के लिए ऐसा नाटक किया कि शुरुआती दौर में हर किसी को उस पर भरोसा हो गया. रो-रोकर उसने ऐसी कहानी सुनाई कि लगा जैसे वह खुद किसी भयावह हादसे की शिकार है. लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने परतें खोलीं, सच्चाई बिल्कुल उलट निकली और वही पत्नी इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली.

यह पूरा मामला धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव का है, जहां देवकृष्ण रोहित की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी थी. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात के समय कुछ अज्ञात बदमाश घर में घुसे, देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला किया, और उनकी पत्नी प्रियंका को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद प्रियंका का रो-रोकर दिया गया बयान पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया था. वह बार-बार यही कह रही थी कि बदमाश अचानक घर में घुस आए, उन्होंने पति पर हमला किया और उसे एक कमरे में बांध दिया. उसके आंसू, उसकी घबराहट और उसकी टूटी हुई आवाज सब कुछ इतना वास्तविक लग रहा था कि किसी को उस पर शक नहीं हुआ. लेकिन पुलिस की नजरों से यह कहानी ज्यादा देर तक बच नहीं सकी.

Advertisement

झूठ बोल रही थी पत्नी 

मामले की जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों ने जब घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तो कई ऐसी बातें सामने आईं जो इस कहानी से मेल नहीं खा रही थीं. न तो जबरन घुसने के स्पष्ट निशान थे, न ही लूटपाट के ऐसे प्रमाण जो किसी बाहरी हमले की ओर इशारा करते हों. यही से पुलिस को शक हुआ कि मामला कुछ और ही है. जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए जैसे कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन और आसपास के लोगों से पूछताछ. जैसे-जैसे कड़ियां जुड़ती गईं, प्रियंका की कहानी कमजोर पड़ती चली गई. अंततः जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह ज्यादा देर तक सच छुपा नहीं सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

कमलेश से चल रहा था अफेयर 

जांच में सामने आया कि प्रियंका का अपने ही गांव के कमलेश नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. यह संबंध कोई नया नहीं था, बल्कि पिछले कई वर्षों से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे. इसी रिश्ते के चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. परिवार वालों के मुताबिक, प्रियंका कई बार अपने मायके चली जाती थी और लंबे समय तक वहीं रहती थी. इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया वो है बाल विवाह. पुलिस के अनुसार, प्रियंका और देवकृष्ण की शादी तब हुई थी जब दोनों नाबालिग थे. शादी के बाद वे अलग-अलग अपने परिवारों के साथ रहते रहे. जब प्रियंका बालिग हुई और उसे पति के साथ रहने के लिए कहा गया, तो वह इसके लिए तैयार नहीं थी. यही असहमति धीरे-धीरे एक खतरनाक साजिश में बदल गई.

Advertisement

ऐसे बनाया दोनों ने प्लान 

प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. योजना इतनी सुनियोजित थी कि इसे एक लूट की वारदात का रूप देने की कोशिश की गई. कमलेश ने अपने एक साथी सुरेंद्र को इस हत्या को अंजाम देने के लिए करीब एक लाख रुपये की सुपारी दी. घटना वाली रात सब कुछ उसी प्लान के मुताबिक हुआ. सुरेंद्र घर में दाखिल हुआ और सोते हुए देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हत्या के बाद प्रियंका को बांध दिया गया, ताकि यह दिखाया जा सके कि वह भी इस वारदात की शिकार है. इसके बाद कुछ समय बीतने पर उसे चिल्लाने के लिए कहा गया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो जाएं और कहानी को असली रूप दिया जा सके. प्रियंका ने वही किया कुछ देर बाद उसने शोर मचाया, रोना-धोना शुरू किया और वही कहानी दोहराई जो पहले से तय की गई थी. लेकिन यह ‘परफेक्ट प्लान’ ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया.

36 घंटे में खुल गया मामला 

पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया. मयंक अवस्थी (एसपी) के नेतृत्व में टीम ने न सिर्फ प्रियंका और कमलेश को गिरफ्तार किया, बल्कि लूट का सामान भी बरामद कर लिया और हैरानी की बात यह रही कि वह सामान खुद प्रियंका के घर से ही मिला. फिलहाल इस मामले में तीसरे आरोपी सुरेंद्र की तलाश जारी है, जिसे इस हत्या को अंजाम देने के लिए सुपारी दी गई थी. इस खुलासे के बाद मृतक के परिवार में गुस्सा और दुख दोनों साफ दिखाई दे रहा है. देवकृष्ण की मां और बहन ने प्रियंका पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि प्रियंका का व्यवहार शुरू से ही ठीक नहीं था. वह अक्सर विवाद करती थी और अपने पति को अपमानित करती थी. मृतक की बहन ने बताया कि प्रियंका अक्सर कहती थी कि “तुम मुझे डिजर्व नहीं करते, तुम मेरे लायक नहीं हो.” परिवार का यह भी आरोप है कि प्रियंका का कमलेश के साथ संबंध 2020 से चल रहा था और गांव में भी इस बात की चर्चा थी. कई बार कमलेश गांव आता था और घर के आसपास मंडराता दिखाई देता था.

Advertisement

मृतक की मां का कहना है कि उनकी बहू हमेशा झगड़ा करती थी और घर का माहौल खराब रखती थी. उन्होंने यहां तक कहा कि प्रियंका को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल, पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा है. लोग हैरान हैं कि जिस महिला को उन्होंने एक पीड़ित के रूप में देखा, वही इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता निकली.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement