मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्रा ख्याति जैन की मौत चर्चा में है. घटना के 24 दिन बाद भी FIR दर्ज न किए जाने से नाराज मृतका की मां ने अब देश के राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक न्याय की गुहार लगाई है. मां ने बेटी के बॉयफ्रेंड पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले को साजिश से जोड़ा है.
यह गंभीर मामला भोपाल के अशोका गार्डन थाना इलाके का है. मूल रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा ख्याति जैन की बीती 11 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.
घटना के बाद से लेकर 3 जून तक ख्याति की मां वर्षा जैन ने स्थानीय थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक कई शिकायती आवेदन दिए हैं.
मां का आरोप है कि पुलिस इस मामले को केवल आत्महत्या के चश्मे से देख रही है और अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, जिससे अहम सबूत नष्ट हो सकते हैं.
आखिरी 3 घंटे बॉयफ्रेंड के साथ थी ख्याति
परिजनों ने ख्याति की मौत में उसके बॉयफ्रेंड की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. परिजनों के मुताबिक, मौत से ठीक पहले के आखिरी तीन घंटे ख्याति अपने बॉयफ्रेंड तनिष के साथ थी। मां वर्षा जैन ने मांग की है कि तनिष की भूमिका की जांच की जाए. देखें एक VIDEO:-
ट्विशा शर्मा केस से तुलना
ख्याति की मां ने इस मामले को भोपाल की चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका कहना है कि जिस तरह उस मामले में कई पहलुओं पर सवाल उठे थे, ठीक वैसे ही उनकी बेटी को भी साजिश का शिकार बनाया गया है.
'मां आपने मेरी जान ले ही ली'
इस पूरे मामले में पुलिस को ख्याति के मोबाइल से कुछ डिजिटल साक्ष्य और चैट मिले हैं, जिसने रहस्य को और गहरा कर दिया है। ख्याति के मोबाइल से कथित तौर पर एक मैसेज मिला है, जिसमें लिखा था, ''मां आपने मेरी जान ले ही ली.''
इस मैसेज के सामने आने के बाद परिवार का दावा है कि यह मामला सामान्य आत्महत्या का नहीं हो सकता. परिजनों का कहना है कि ख्याति पर कोई बड़ा मानसिक दबाव था या फिर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था, इसलिए इस पूरी साजिश के पीछे के सच को सामने लाना जरूरी है.
पेट में मिला 'Greyish Fluid'
शुरुआती स्तर पर इसे सामान्य सुसाइड मानने वाली पुलिस पर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद जांच का दबाव काफी बढ़ गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि ख्याति के पेट के अंदर '100 greyish fluid' पाया गया है. यह फ्लूइड क्या था और क्या ख्याति को कोई संदिग्ध पदार्थ दिया गया था, इसकी रासायनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
राष्ट्रपति से तक पहुंची शिकायत
स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और एफआईआर दर्ज करने में हो रही देरी से निराश होकर मृतका की मां वर्षा जैन ने अब देश के सर्वोच्च पदों पर गुहार लगाई है. उन्होंने निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच के लिए अपनी लिखित शिकायत निम्नलिखित संस्थाओं को भेजी है:-
भारत के राष्ट्रपति
प्रधानमंत्री
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC)
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW)
पुलिस का पक्ष
एडीसीपी अनिल शर्मा के मुताबिक, ख्याति के बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही मोबाइल के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. पुलिस का तर्क है कि चूंकि अभी तक हत्या का कोई सीधा और ठोस सबूत सामने नहीं आया है, इसलिए आत्महत्या और उकसावे के एंगल को भी ध्यान में रखकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.