सूरन, जिसे जिमीकंद या एलिफेंट फुट याम भी कहा जाता है, यह बेहद टेस्टी और हेल्दी सब्जी होती है. आमतौर पर लोग इसे सब्जी के तौर पर ही खाते हैं लेकिन इसका बहुत स्वादिष्ट अचार भी बनता है. सूरन का तीखा और चटपटा अचार आपको बोरिंग खाने का भी स्वाद दोगुना कर सकता है. कई लोग इसे बनाने से इसलिए डरते हैं क्योंकि इसमें हल्की खुजली या कड़वाहट होती है लेकिन अगर इसे सही तरीके और मसालों के साथ बनाया जाए तो यह सालों-साल खराब नहीं होता. आइए जानते हैं सूरन का अचार बनाने की आसान रेसिपी.
सूरन का अचार कैसे बनाएं रेसिपी
सबसे पहले सूरन को अच्छी तरह धोकर छील लें और छोटे टुकड़ों में काट लें. हाथों में तेल जरूर लगाएं ताकि खुजली न हो.
इसके बाद एक बर्तन में पानी लें, उसमें थोड़ा नमक और अमचूर या इमली डालकर सूरन को हल्का करीब 80 प्रतिशत तक उबाल लें. फिर इसका पानी छानकर 3-4 घंटे धूप में सुखाएं.
एक पैन में राई, सौंफ, मेथी दाना, जीरा और अजवाइन को हल्का भून लें और दरदरा पीस लें.
इसके बाद सरसों के तेल को धुआं उठने तक गरम करें और फिर थोड़ा ठंडा होने दें. अचार के लिए हमेशा सरसों तेल का ही प्रयोग करें.
एक बड़े बर्तन में सूखे हुए सूरन के टुकड़े लें. इसमें पिसे हुए मसाले, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, कलौंजी, हींग और स्वादअनुसार नमक मिलाएं.
अचार को चटपटा बनाने और लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इसमें सिरका या नींबू का रस और कद्दूकस किया हुआ अदरक-लहसुन मिलाएं.
अब इसमें गरम किया हुआ सरसों का तेल डालें और अच्छी तरह मिलाएं. अचार को एक साफ कांच के जार में भरें और 2-3 दिन धूप दिखाएं.