दिल्ली से लेकर मुंबई तक इन दिनों अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध के कारण गैस की किल्लत देखने को मिल रही है. लगातार बढ़ते गैस के दाम, गैस के कारण होटल-ढाबे बंद होना और तो और टपरी की चाय की कीमत में बढ़ोतरी जैसी खबरें सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनल्स तक पर लगातार सामने आ रही हैं. ऐसे में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कई जगहों पर सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, ऐसे में अगर अचानक रसोई गैस खत्म हो जाए तो बड़ी मुश्किल खड़ी हो सकती है. खासकर तब, जब घर में मेहमान आए हों या जल्दी में खाना बनाना हो. अक्सर लोगों को तब पता चलता है कि गैस खत्म हो गई है, जब खाना बनाते-बनाते चूल्हा अचानक बंद हो जाता है. लेकिन अगर पहले ही ये पता चल जाए कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है, तो समय रहते नया सिलेंडर बुक किया जा सकता है और परेशानी से बचा जा सकता है.
अब आप सोचेंगे कि इसके लिए आपको किसी खास मीटर या मशीन की जरूरत पड़ेगी, तो बता दें ऐसा नहीं है. कुछ आसान घरेलू ट्रिक्स की मदद से आप घर बैठे ही सिलेंडर खत्म होने से पहले पता लगा सकते हैं कि सिलेंडर में गैस कितनी बची है.
1. पानी वाली ट्रिक से तुरंत पता लगाएं गैस का लेवल
सिलेंडर में गैस कितनी बची है, ये जानने का सबसे आसान तरीका पानी की मदद से पता लगाना है. इसके लिए एक गिलास या मग में पानी लें और सिलेंडर के ऊपर से नीचे तक धीरे-धीरे डाल दें. कुछ सेकंड बाद हाथ से सिलेंडर को ऊपर से नीचे तक छूकर देखें.
जब आप सिलेंडर छुएंगे तो आपको महसूस होगा कि उसका एक हिस्सा ठंडा है और दूसरा हिस्सा थोड़ा गर्म है. जहां तक सिलेंडर ठंडा महसूस होगा, समझ लें कि वहीं तक गैस मौजूद है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सिलेंडर के अंदर मौजूद लिक्विड एलपीजी गर्मी को जल्दी सोख लेती है, जिससे उस हिस्से की सतह ठंडी हो जाती है. अगर ठंडा हिस्सा बहुत नीचे तक रह गया है, तो समझ लें कि गैस जल्द खत्म होने वाली है.
2. सिलेंडर के वजन से भी लगा सकते हैं अंदाजा
अगर आप थोड़ा सटीक अंदाजा लगाना चाहते हैं तो सिलेंडर का वजन चेक करने का तरीका भी काम आता है. हर एलपीजी सिलेंडर के ऊपर उसका खाली वजन लिखा होता है. अगर आपके घर में वजन मापने वाली मशीन है, तो सिलेंडर को उस पर रखकर वजन देख सकते हैं. इसके बाद कुल वजन में से खाली वजन घटा दें.
अगर उदाहरण से समझें तो अगर सिलेंडर का कुल वजन 28.5 किलो है और उस पर लिखा खाली वजन 15.5 किलो है, तो समझ लें कि उसमें लगभग 13 किलो गैस बची हुई है.
3. गैस की लौ देखकर भी मिल सकता है संकेत
सिलेंडर में गैस कम होने लगती है तो उसका असर चूल्हे की लौ पर भी दिखने लगता है. अगर आपको लगे कि पहले की तुलना में गैस की लौ कम हो गई है या उसका रंग हल्का पीला दिखाई दे रहा है, तो ये सिलेंडर जल्द खत्म होने का संकेत हो सकता है.
कई बार ऐसी स्थिति में खाना पकने में भी ज्यादा समय लगने लगता है. अगर ऐसा महसूस हो रहा है, तो बेहतर है कि तुरंत नया सिलेंडर बुक कर लें.