घर में खाना बचना एक बहुत ही आम बात है. जब भी कुछ बनता है, तो वो थोड़ा बहुत बच ही जाता है. अब अगर हम रात के खाने की बात करें तो अक्सर आपने अपनी मम्मी को डिनर खत्म होने के बाद बची दाल या सब्जी को समेटते देखा होगा. घर में मम्मियां या कोई भी बचे खाने को बड़े से बर्तन में ढककर फ्रिज में रख देते हैं. आप लोगों को लगता है आपने खाना सुरक्षित तरीके से फ्रिज में रख दिया है अब ये खराब नहीं होगा, लेकिन हकीकत कुछ और है. आप इस तरह बचे खाने को स्टोर करके बीमारी को दावत दे रहे होते हैं.
इस तरीके से स्टोर किया गया खाना बैक्टीरिया को बढ़ने का मौका देता है, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. नतीजा ये होता है कि अगली सुबह वही खाना आपको स्वाद में तो ठीक लग सकता है, लेकिन पेट दर्द भी हो सकता है. अगर आप भी घर पर इसी तरह से खाना स्टोर करते हैं, तो हम आज आपको बचे खाने को स्टोर करने का सही तरीका बताने वाले है. शेफ्स और हेल्थ एक्सपर्ट्स 'टू-इंच-रूल' नामक ट्रिक का इस्तेमाल करते हैं. चलिए जानते हैं क्या है ये.
'टू इंच रूल' क्या है?
'टू इंच रूल' एक बहुत ही आसान रूल है, जिसके अनुसार बचे हुए खाने को 2 इंच से ज्यादा गहरे बर्तन में स्टोर नहीं करना चाहिए. बचा खाना हमेशा उथले (शैलो) और चौड़े कंटेनर में स्टोर करना बेहतर होता है. अगर आप इस तरह खाना स्टोर करके फ्रिज में रखते हैं, तो वो जल्दी ठंडा हो जाता है और लंबे समय तक सुरक्षित रहता है.
बड़े और गहरे बर्तन में खाना रखना क्यों है गलत?
अक्सर लोग खाना बड़े और गहरे बर्तन में फ्रिज में रख देते हैं. लेकिन गहरे बर्तन में रखा खाना ऊपर से ठंडा दिखने लगता है, जबकि अंदर से काफी देर तक गर्म रहता है. क्योंकि उसके अंदर ठंडक को पहुंचने में समय लगता है. यही बैक्टीरिया के पनपने की वजह बनता है.
जब खाना धीरे-धीरे ठंडा होता है, तो उसका बीच का हिस्सा लंबे समय तक हल्का गर्म रहता है. यही वजह है कि कई बार दिखने में ठीक लगने वाला खाना भी खराब हो जाता है और आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है.
खाने को सही तरीके से कैसे स्टोर करें?
अगर आप चाहते हैं कि आपका बचा हुआ खाना खराब न हो और लंबे समय तक फ्रेश रहे, तो उसके लिए आपको कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने की जरूरत है.
अगर आप इन बातों का ध्यान रखते हैं तो फ्रिज में खाना जल्दी ठंडा होता है और उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा काफी कम हो जाता है.
क्या खाना बाहर ठंडा करना सही है?
बहुत से लोग सोचते हैं कि फ्रिज में खाना स्टोर करने से पहले उसे पूरी तरह से बाहर ठंडा होने दिया जाए, लेकिन ये तरीका सही नहीं है. अगर खाना लंबे समय तक बाहर रखा रहता है, तो उसमें बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं. इसलिए बेहतर यही है कि खाना हल्का ठंडा होते ही उसे फ्रिज में रख दें, ताकि वो सुरक्षित रहे.