आपके घर में ऐसी बहुत सी चीजें होती हैं, जो होती तो बहुत सारी हैं लेकिन उनका कोई इस्तेमाल समझ नहीं आता. इनमें हैंगर भी शामिल होते हैं. जी हां, अक्सर जब आप नए कपड़े खरीदते हैं या ड्राई क्लीनिंग से कपड़े वापस आते हैं, तो अलमारी में धीरे-धीरे हैंगरों का ढेर लग जाता है. ज्यादातर लोग इन हैंगरों से परेशान हो जाते हैं क्योंकि समझ नहीं आता कि आखिर इनका क्या किया जाए.
ऐसे में लोग इन फालतू हैंगरों को या तो अलमारी के किसी कोने में ठूंस देते हैं या फिर बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जिन हैंगरों को आप कबाड़ समझ रहे हैं वो कूड़ा नहीं है. क्या आप जानते हैं कि थोड़े से जुगाड़ और क्रिएटिविटी के साथ, ये मामूली से दिखने वाले हैंगर आपके घर को ऑर्गेनाइज करने और सजाने के काम आ सकते हैं? चलिए जानते हैं घर पर पड़े ढेरों हैंगरों को आप कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं.
1. जूतों और चप्पलों का बढ़िया इंतजाम
घर पर बेकार पड़े हैंगरों का सबसे बढ़िया इस्तेमाल जूते और चप्पलों को सही ढंग से रखने के लिए किया जा सकता है. अगर आपकी चप्पलें या सैंडल जमीन पर बिखरे रहते हैं, तो पतले तार वाले हैंगर आपके काम आ सकते हैं. आप इन हैंगरों के नीचे के हिस्से को बीच से काटकर उनके दोनों किनारों को ऊपर की तरफ मोड़ दें. इससे एक हुक जैसा स्टैंड बन जाएगा, जिस पर आप अपनी चप्पलें, सैंडल या फ्लिप-फ्लॉप टांग सकते हैं.
2. मैगजीन और पोस्टर्स के लिए स्टाइलिश वॉल डिस्प्ले
दूसरा इस्तेमाल है मैगजीन और पोस्टर्स के लिए स्टाइलिश वॉल डिस्प्ले तैयार करना है. अगर आपके घर में लकड़ी के हैंगर हैं तो आप ये कर सकते हैं. ये हैंगर मजबूत होते हैं और देखने में काफी क्लासी भी लगते हैं. लकड़ी के हैंगर से आप अपने कमरे को आसानी से मॉडर्न लुक दे सकते हैं. बस मैगजीन या अखबार को हैंगर की रॉड पर लगाकर दीवार या दरवाजे के पीछे टांग दें. इससे सामान भी ऑर्गेनाइज रहेगा और कमरा स्टाइलिश दिखेगा. इसी तरह आप पोस्टर्स या हल्के कपड़े भी टांग सकते हैं.
3. रसोई और डाइनिंग टेबल के लिए जुगाड़
लकड़ी के हैंगर को उल्टा करके आप किचन या बाथरूम में आसानी से तौलिया टांग सकते हैं. इसके साथ ही, हैंगर की नीचे वाली रॉड में पेपर टॉवल का रोल भी लगा सकते हैं. इससे किचन में काम करते समय टॉवल जल्दी मिल जाता है और आपका स्पेस भी थोड़ा स्टाइलिश दिखता है.
4. गार्डन और पौधों के लिए 'स्मार्ट सपोर्ट'
अगर आप गार्डनिंग के शौकीन हैं, तो तार वाले हैंगर आपके बहुत काम आ सकते हैं. आप इन्हें मोड़कर छोटे पौधों या टमाटर के पौधों के लिए सपोर्ट बना सकते हैं, जिससे पौधे सीधे और मजबूत रहते हैं. अगर घर में बेल वाले पौधे हैं, तो तार को गोल या मनचाहे आकार में बनाकर उनके आसपास लगा दें, ताकि पौधा आसानी से उस पर चढ़ सके.
5. एक्सेसरीज को सजाने का आसान तरीका
अक्सर आपको स्कार्फ, बेल्ट या सनग्लासेस ढूंढने में समय लग जाता है. ऐसे में एक साधारण हैंगर आपकी मदद कर सकता है. आप हैंगर पर एक साथ कई चश्मे टांग सकते हैं. अगर चाहें तो उस पर छोटे-छोटे हुक लगाकर नेकलेस और झुमके भी रख सकते हैं. इससे जरूरत पड़ने पर तुरंत मिल जाएंगे.