How to Cool in Heatwaves: गर्मियों के मौसम में चिलचिलाती धूप और थपेड़े मारती लू से शरीर को बचाना एक बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में अगर आप कोल्ड ड्रिंक्स और पैक्ड जूस की जगह कुछ पारंपरिक और नेचुरल ट्राई करना चाहते हैं तो तमिलनाडु का मशहूर जिगरठंडा शरबत सबसे बेस्ट ऑप्शन है.
जैसा नाम वैसा ही काम
दिल को कई बार बोलचाल की भाषा में जिगर कहा जाता है हालांकि जिगर लिवर होता है लेकिन यहां जिगरठंडा का मतलब दिल को ठंडा रखने वाला शरबत है. जैसा कि इसका नाम है यह ड्रिंक वाकई में आपके जिगर ही नहीं बल्कि पूरे शरीर को भी अंदर से तुरंत ठंडक पहुंचाती है.
मदुरै की गलियों से निकला यह ट्रेडिशनल रिफ्रेशर न केवल स्वाद में लाजवाब है बल्कि इसमें इस्तेमाल होने वाले खास इंग्रीडिएंट्स पेट को शांत रखते हैं और गर्मी के असर को कम करते हैं. आइए जानते हैं इस समर स्पेशल ड्रिंक की आसान रेसिपी.
जिगरठंडा शरबत के लिए आपको चाहिए होगी ये चीजें
फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
बादाम गोंद: 1 चम्मच (रातभर पानी में भिगोया हुआ)
3-4 चम्मच- नन्नारी सिरप (ये नन्नारी की जड़ जिसे इंडियन सरसापैरिला और अनंतमूल भी कहा जाता है, उससे बनाया जाता है. ये बाजार में मिल जाता है लेकिन आप अगर आपके पास ये नहीं है तो आप रूह अफजा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
चीनी: 4-5 चम्मच (स्वादानुसार)
मिल्क मेड या कंडेंस्ड मिल्क: 2 चम्मच (गाढ़ेपन के लिए)
वेनिला आइसक्रीम या मलाई कुल्फी: 2 स्कूप
बनाने का तरीका
दूध को गाढ़ा करें: सबसे पहले एक भारी तले वाले बर्तन में दूध उबालें. इसे मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक यह आधा न रह जाए और इसका रंग हल्का रबड़ी जैसा न हो जाए. इसमें चीनी और कंडेंस्ड मिल्क मिलाकर ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें.
बादाम गोंद तैयार करें: रातभर भीगा हुआ बादाम गोंद फूलकर जेली जैसा हो जाएगा. इसे एक कटोरी में अलग रख लें. यह पेट को बहुत ठंडक देता है.
ग्लास असेंबल करें: अब दो सर्विंग ग्लास लें. सबसे पहले दोनों ग्लास में 1-1 बड़ा चम्मच जेली जैसा बादाम गोंद डालें.
सिरप और दूध मिलाएं: इसके ऊपर 1-2 चम्मच नन्नारी सिरप या रूह अफजा डालें. फिर फ्रिज में ठंडा किया हुआ गाढ़ा दूध ग्लास में डालें और हल्के हाथों से मिलाएं.
फाइनल टच: अब ऊपर से एक-एक स्कूप वेनिला आइसक्रीम या मलाई कुल्फी डालें और थोड़ा सा सिरप डालकर तुरंत सर्व करें.