How To Check Mustard Oil: यूं तो आजकल लोग सेहत के चक्कर में खाना पकाने के लिए ऑलिव ऑयल से लेकर अन्य कई तरह के तेल का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन आज भी भारतीय घरों में सरसों का तेल ही सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है. भारतीय खाने में सरसों का तेल सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सेहत से भी जुड़ा हुआ माना जाता है. अचार से लेकर सब्जियों तक, कई घरों में इसका रोज इस्तेमाल होता है. लेकिन आजकल किसी भी चीज की शुद्धता पर भरोसा करना मुश्किल होता जा रहा है, चाहे फिर वो तेल की क्यों न हो.
बाजार में मिलावटी सरसों का तेल भी धड़ल्ले से बिक रहा है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक होता है. ऐसे में जरूरी है कि तेल खरीदते समय थोड़ी सावधानी बरती जाए, ताकि कोई दुकानदार आपको आसानी से बेवकूफ न बना सके और आपकी सेहत के साथ खिलवाड़ न कर सके. अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप असली और नकली सरसों के तेल की पहचान कर सकते हैं. चलिए जानते हैं वो तरीके.
रंग देखकर समझें तेल असली है या नहीं: असली सरसों के तेल का रंग हल्का गहरा पीला या सुनहरा होता है. इसमें हल्का गाढ़ापन भी होता है. अगर तेल बहुत ज्यादा साफ, पतला या पानी जैसा लगे, तो वो मिलावटी हो सकता है.
खुशबू से करें तेल की पहचान: शुद्ध सरसों के तेल की खुशबू काफी तेज और तीखी होती है. इसे सूंघते ही नाक में हल्की झनझनाहट महसूस होने लगती है. अगर तेल में खुशबू न आ रही हो या अजीब सी गंध आए, तो समझ जाएं कि कुछ मिलावट की गई है.
स्वाद से भी चल सकता है पता: असली सरसों के तेल का स्वाद हल्का तीखा और थोड़ा कड़वा होता है. इसे चखने पर गले में हल्की जलन जैसी महसूस हो सकती है. यही इसकी पहचान मानी जाती है.
फ्रिज टेस्ट से करें आसान जांच: थोड़ा सा तेल किसी कटोरी में डालकर कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रख दें. अगर तेल शुद्ध होगा, तो ठंडक की वजह से उसमें हल्की सफेद परत या जमाव दिखाई दे सकता है. वहीं मिलावटी तेल नॉर्मल ही रह सकता है.
हमेशा पैक्ड और भरोसेमंद ब्रांड चुनें: सरसों का तेल खरीदते समय हमेशा अच्छी कंपनी का पैक्ड तेल ही लें. बोतल पर FSSAI मार्क, मैन्युफैक्चरिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें. बहुत सस्ता या खुले में बिकने वाला तेल खरीदने से बचें.
बहुत ज्यादा सस्ता तेल हो सकता है खतरनाक: अगर कोई तेल बाजार के भाव से काफी कम कीमत पर मिल रहा है, तो सावधान हो जाएं. कई बार सस्ते तेल में दूसरे तेल मिलाकर बेचा जाता है, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है.