Heavy Saree maintenance tips: भारतीय महिलाओं के लिए उनकी साड़ियां उनकी सबसे अच्छी दोस्त होती हैं और उनकी अलमारी की शान भी होती हैं. अपने हर स्पेशल मौके पर महिलाएं साड़ियां पहनती हैं, सिल्क, बनारसी, कांजीवरम या जरी वाली साड़ियां न सिर्फ खूबसूरत होती हैं और उतनी ही महंगी भी होती है.
लेकिन अगर इन्हें सही तरीके से संभालकर न रखा जाए तो इनकी चमक फीकी पड़ सकती है, साड़ी का फैब्रिक कमजोर हो सकता है और जरी काली पड़ सकती है. इसलिए अपनी कीमती साड़ियों को अलमारी में रखने से पहले इन आसान टिप्स को जरूर फॉलो करें.
शादी और पार्टी से थककर घर वापस आने के बाद साड़ियों को सीधे फोल्ड करके रख देते हैं, लेकिन यही आपकी सबसे बड़ी गलती होती है. साड़ी को हमेशा अलमारी में रखने से पहले खुली हवा में 2 से 3 घंटे टांग दें, ताकि पसीना, परफ्यूम या नमी पूरी तरह निकल जाए. अगर साड़ी पर हल्का दाग है तो उसे तुरंत साफ करवाएं. बिना साफ किए रखने से दाग पक्के हो जाते हैं.
हैवी साड़ियों की बात हो तो भारी सिल्क या जरी वाली साड़ियों की देखभाल का खास ख्याल रखना चाहिए. इन साड़ियों को समय-समय पर ड्राई क्लीन जरूर करवाएं, क्योंकि घर पर धोने से कपड़े की चमक कम हो सकती है. साड़ी को हमेशा मुलायम कॉटन या मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें.
एक बात का ध्यान रखें कि इन साड़ियों को प्लास्टिक कवर में स्टोर करने से नमी फंस सकती है, जिससे कपड़ा खराब हो सकता है. साथ ही हर 3 से 4 महीने में साड़ी की फोल्ड बदलते रहें, ताकि एक ही जगह से कपड़ा कमजोर न हो.
अलमारी में साड़ियां लंबे समय तक रहने के बाद अक्सर उनमें नमी आ जाती है और कीड़ें भी लग जाते हैं. इसलिए आप अलमारी में सिलिका जेल पैकेट, नीम की पत्तियां या लौंग रख सकते हैं. ध्यान रखें कि साड़ी को सीधे लकड़ी की सतह पर न रखें, बल्कि शेल्फ पर साड़ी रखने से पहले पेपर या कॉटन कपड़ा बिछा दें. इससे कपड़े की क्वालिटी लंबे समय तक बनी रहती है.
जिन साड़ियों में भारी कढ़ाई या जरी वाला वर्क हो रखा होता है, उन्हें ज्यादा टाइट फोल्ड न करें. कोशिश करें कि जरी वाला हिस्सा अंदर की ओर रहे और उस पर ज्यादा प्रेशर भी न पड़े. बहुत भारी साड़ियों को लंबे समय तक हैंगर पर टांगकर भी न रखें, इससे उनका शेप बिगड़ सकता है, इसलिए उनको कागज में लपेटकर ठीक से अलमारी में रखें.