
A1 vs A2 Milk Difference: दूध हमारी डाइट का एक जरूरी हिस्सा है. पहले जहां सिर्फ गाय, भैंस और बकरी का दूध चलन में था लेकिन पिछले कुछ सालों में A1 और A2 मिल्क की खासी डिमांड बढ़ी है. अक्सर लोगों को इस बारे में बहस करते हुए देखा जाता है कि कौन सा दूध फायदेमंद है. कुछ लोग ए1 दूध को अच्छा बताते हैं तो कुछ ए2 को अच्छा बताते हैं. वहीं कई लोग अक्सर कंफ्यूज रहते हैं कि उनकी हेल्थ के लिए कौन सा दूध बेहतर है. वैज्ञानिकों का मानना है कि इन दोनों के पचने के तरीके में काफी अंतर है जो हमारी सेहत को प्रभावित करता है. तो आइए जान लीजिए कौन सा दूध सेहत के लिए अच्छा है.
दूध में पाए जाने वाले प्रोटीन का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा बीटा-केसीन होता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि सारा खेल दूध में मौजूद बीटा-केसीन नाम के प्रोटीन का है.
A1 और A2 इसी प्रोटीन के दो अलग रूप हैं. इनमें सिर्फ एक अमीनो एसिड का फर्क होता है लेकिन शरीर पर इनका असर अलग होता है. A1 दूध आमतौर पर विदेशी नस्ल की गायों से मिलता है जबकि A2 दूध भारतीय मूल की गायों और कुछ खास नस्लों से प्राप्त होता है.

हेल्थलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, A1 दूध के पाचन के दौरान शरीर में BCM-7 (Beta-casomorphin-7) नाम का एक पेप्टाइड रिलीज होता है. यही वह कंपाउंड है जिसे कई पेट संबंधी समस्याओं का जिम्मेदार माना जाता है. वहीं A2 दूध में यह पेप्टाइड रिलीज नहीं होता जिससे इसे पचाना आसान हो जाता है.
यदि आपको दूध पीने के बाद ब्लोटिंग या गैस जैसी समस्या होती है तो इसका कारण A1 प्रोटीन हो सकता है. मेडिकल न्यूज टुडे के मुताबिक, यह बात सामने आई है कि A2 दूध पीने वाले लोगों को डाइजेशन संबंधी शिकायतें कम होती हैं.
अन्य स्टडीज बताती हैं कि A1 प्रोटीन आंतों में सूजन और कब्ज पैदा कर सकता है जबकि A2 दूध पीने से पेट हल्का महसूस होता है. खासकर उन लोगों के लिए जो खुद को लैक्टोज इनटोलरेंट समझते हैं उन्हें अक्सर A2 दूध से आराम मिलता है.
वैज्ञानिकों के बीच इस बात पर लंबे समय से चर्चा है कि क्या A1 दूध टाइप-1 डायबिटीज और हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकता है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की वेबसाइट पर मौजूद डेटा बताता है कि कुछ ऑब्जर्वेशनल स्टडीज में A1 दूध और इन बीमारियों के बीच कनेक्शन देखा गया है हालांकि इसके अभी ठोस सबूत मिलने बाकी हैं.
वहीं देसी गाय का A2 दूध इम्युनिटी बढ़ाने और ओवरऑल हेल्थ के लिए अधिक सुरक्षित माना जा रहा है. यही वजह है कि अब ग्लोबल मार्केट में भी A2 मिल्क की डिमांड तेजी से बढ़ रही है.