गर्मी आते ही घर का एक कोना सबसे ज्यादा तपने लगता है और वो है रसोई घर. घर की रसोई गर्मियों में किसी तंदूर से कम नहीं लगती. एक तो सूरत की तपिश, दूसरी तरफ गैस की आग और भाप ऐसे में रसोई में लगातार खड़े रहने से हालत खराब हो जाती है. कई बार महिलाएं गर्मी में रसोई में काम करने से बचने के लिए बाहर से खाना ऑर्डर कर लेती हैं, लेकिन रोज बाहर का खाना भी तो नहीं खाया जा सकता.
ऐसे में गर्मियों में रसोई की तपिश से बचने का सबसे अच्छा तरीका स्मार्ट कुकिंग है. यानी ऐसी डिशेज बनाना जो जल्दी तैयार हों, कम गैस पर बनें और जिनकी आधी तैयारी आप आराम से बाहर बैठकर कर सकें. अगर आप भी गर्मियों में रसोई में घंटों खड़े रहने से बचना चाहते हैं, तो आज हम आपको महज 10 मिनट में बनने वाली कुछ रेसिपी बताने वाले हैं. ये रेसिपीज न केवल जल्दी बन जाती हैं, बल्कि बहुत ही टेस्टी भी होती हैं.
1. वन-पॉट खिचड़ी: अगर आप झटपट बनने वाली रेसिपी तलाश रहे हैं, तो खिचड़ी सबसे अच्छा ऑप्शनस हो सकता है. अब आप सोचेंहे कि दाल-चावल वाली बोरिंग खिचड़ी कौन खाए. तो बता दें कि खिचड़ी सिर्फ दाल-चावल की नहीं बनती हैं. आप इसमें रागी, पनीर, सोया या चिकन भी जोड़ सकते हैं. बस सारी चीज़ें एक साथ कुकर में डालें और सीटी लगने दें. इस बीच आपको रसोई में खड़े रहने की भी जरूरत नहीं.
2. दलिया: दलिया का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. अगर आप दलिए को बोरिंग समझते हैं, तो इसमें सब्जियां मिलाकर इसे स्वादिष्ट ट्विस्ट दे सकते हैं. इसमें आप दाल भी मिल सकते हैं. सब कुछ एक साथ कुकर में डालें और पकने दें. इसे बनाने में मेहनत बहुत कम लगती है.
3. राइस कंजी: आप टाइम बचाने और गर्मी में घंटों खड़े होने से बचने के लिए बचे हुए चावलों से राइस कांजी बना सकते हैं. दही, थोड़ा प्याज और हरी मिर्च डालकर इसे तैयार करें और ऊपर से हल्का तड़का दें. ये पेट के लिए हल्का और शरीर को ठंडक देने वाला है.
4. दही वाले आलू: अगर घर में उबले आलू रखें हैं, तो आप ये रेसिपी आसानी से बना सकते हैं. आलू में हल्का सा तड़का लगाएं और उसमें दही या मठा डाल दें. ये महज बस 5–6 मिनट में तैयार हो जाती है और बेहद टेस्टी और ठंडक देने वाली होती है.
5. नेपाली स्टाइल चुकौनी: आलू और दही से बनने वाली ये डिश थोड़ा अलग स्वाद देती है. अगर आप इसे सरसों के तड़के के साथ बनाएंगे तो और भी ज्यादा टेस्टी बनेगी.
6. झटपट वेज पुलाव: अगर आपको पुलाव खाना पसंद है तो आप इसे भी 10 मिनट में बना सकते हैं. दरअसल, पुलाव बनाने के लिए सब्जियां पहले काटकर रख लें और जब बनाना हो तो चावल और मसालों के साथ कुकर में डाल दें. 1–2 सीटी और आपका पूरा मील तैयार.
7. बेसन की फटाफट सब्जी: जब घर में सब्जी कम हो, तो बेसन काम आता है. बस बेसन के चिल्ले को प्याज और टमाटर के साथ मिलाकर आपकी टेस्टी डिश तैयार हो जाएगी.
8. रायता को बनाएं मेन मील: अगर आप रायते को साइड डिश समझकर खा रहे हैं तो आप बहुत कुछ मिस कर रहे हैं. रायता सिर्फ साइड डिश नहीं है. आप ककड़ी, बूंदी या आलू डालकर इसे कंप्लीट मील बना सकते हैं. इसे खाने से पेट भर जाता है.
9. चीला: आप बेसन या मूंग दाल का बैटर तैयार करके रख लें. फिर जब भी भूख लगे तब सिर्फ तवे पर सेकें. ये आसानी से सिक जाता है.
10. पनीर या अंडा भुर्जी: जब बिल्कुल समय कम हो, तो ये सबसे बेस्ट ऑप्शन है. थोड़े से मसालों और 5–7 मिनट में आप स्वाद से भरपूर पनीर या अंडा भुर्जी बना सकते हैं.