Lunchbox Recipes For Kids: बच्चों को खाना खिलाना बहुत मुश्किल काम होता है. अक्सर माता-पिता ये शिकायत करते मिल ही जाते हैं कि उनके बच्चे खाना नहीं खाते हैं. यहां तक कि ये भी कहते हैं कि बच्चों को स्कूल में दिया हुआ टिफिन अक्सर आधा या पूरा भरा हुआ ही वापस आ जाता है. रोज-रोज वही सब्जी-पराठा देखकर बच्चे भी बोर हो जाते हैं. ऐसे में माता-पिता की सबसे बड़ी टेंशन ये होती है कि टिफिन में ऐसा क्या दिया जाए जो बच्चे खुशी-खुशी खा भी लें और उन्हें पोषण भी मिल जाए.
अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं, तो इसका आसान हल मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने बताया है. उन्होंने बच्चों के टिफिन के लिए 3 ऐसी रेसिपीज शेयर की हैं जो टेस्टी होने के साथ-साथ हेल्दी भी हैं. खास बात ये है कि ये रेसिपीज बच्चों को बहुत पसंद आती हैं, इसलिए टिफिन खाली लौटने की पूरी गारंटी है.
1. पाव भाजी बोट्स
पाव भाजी का नाम सुनते ही बच्चों के मुंह में पानी आ जाता है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने इसी को थोड़ा नया ट्विस्ट देकर पाव भाजी बोट्स बनाया है.
पाव भाजी बोट्स बनाने के लिए सबसे पहले आलू, मटर और कुछ सब्जियां उबाल लें. इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें. अब पैन में बटर और थोड़ा तेल डालकर प्याज और शिमला मिर्च भूनें. इसमें कश्मीरी लाल मिर्च, पाव भाजी मसाला और टमाटर प्यूरी डालें.
इसके बाद इसमें मैश किए हुए आलू और सब्जियों का पेस्ट डालकर हल्की सूखी भाजी तैयार करें.
अब हॉट-डॉग बन या ब्रेड को बीच से काट लें. इसके अंदर चीज स्लाइस लगाएं ताकि भाजी से ब्रेड गीली न हो. इसके बाद इसमें भाजी भरें, ऊपर थोड़ा चीज डालें और हल्का सा टोस्ट कर लें. ये ना केवल खाने में टेस्टी है, बल्कि देखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं. इन्हें देखते ही आपके बच्चों का इन्हें उठाकर काने का मन जरूर करेगा.
2. कोरियन कॉर्न डॉग्स
आप बच्चों को टिफिन में कोरियन कॉर्न डॉग्स भी दे सकते हैं. इन्हें बच्चों के लिए वेजिटेरियन तरीके से पनीर के साथ बनाया जा सकता है.
मास्टरशेफ पंकज भदौरिया कहती हैं इसके लिए पनीर को लंबी स्टिक जैसी शेप में काट लें और उसमें स्क्यूर (लकड़ी की स्टिक) लगा दें. अब मैदा, कॉर्न स्टार्च, दूध, नमक, थोड़ी कश्मीरी लाल मिर्च और चाहें तो अंडा डालकर स्मूद बैटर बना लें.
अब पनीर स्टिक को पहले हल्की मैदे में लपेटें, फिर बैटर में डुबोएं और ऊपर से छोटे कटे आलू के टुकड़ों में रोल करें. इसके बाद इन्हें गरम तेल में फ्राई करें जब तक कि ये गोल्डन और क्रिस्पी न हो जाएं. टिफिन में देने के लिए आप साथ में अलग से सॉस भी रख सकते हैं.
3. क्रंची सोया चंक्स
इस लिस्ट में तीसरी रेसिपी है प्रोटीन से भरपूर क्रंची सोया चंक्स. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सोया चंक्स को सोया सॉस, नमक, सिरका, कश्मीरी लाल मिर्च, काली मिर्च और अदरक-लहसुन पेस्ट के साथ 5-6 मिनट उबाल लें.
इसके बाद इन्हें छानकर ठंडा करें और एक्स्ट्रा पानी अच्छी तरह निकाल दें. अब इसमें थोड़ा तेल और कॉर्न स्टार्च मिलाकर अच्छी तरह कोट करें. इन सोया चंक्स को या तो हल्के तेल में फ्राई कर लें या एयर फ्रायर में 180°C पर 6-8 मिनट तक पकाएं.
शेफ कहती हैं अगर आप चाहें तो इन्हें लहसुन, शिमला मिर्च और कॉर्न के साथ हल्का सा टॉस करके भी दे सकते हैं. इससे स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं.