scorecardresearch
 

घर पर ऐसे बनाएं कुमाऊं के मशहूर 'आलू के गुटके', उंगलियां चाटते रह जाएंगे! जान लें कैसे बनाते हैं

उत्तराखंड के कुमाऊं इलाके की मशहूर डिश 'आलू के गुटके' अपने तीखे स्वाद और जाखिया के तड़के के लिए जानी जाती है. उबले हुए आलू के मोटे टुकड़ों को सरसों के तेल और कुछ मसालों के साथ कुरकुरा होने तक पकाया जाता है, इसे आप दाल-चावल या पहाड़ी रायते के साथ मजे से खा सकते हैं.

Advertisement
X
आलू को काटकर पानी में डिबोकर रखना चाहिए. (PHOTO:ITG)
आलू को काटकर पानी में डिबोकर रखना चाहिए. (PHOTO:ITG)

Aloo ke Gutke Recipe: उत्तराखंड के पहाड़ी स्वाद की बात हो और कुमाउंनी आलू के गुटके का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. यह ट्रेडिशनल डिश खासतौर पर कुमाऊं इलाके में बनाई जाती है और सादे मसालों के बावजूद अपने तीखे और देसी फ्लेवर के लिए जानी जाती है. शादी-पार्टी हो या फिर कोई फेस्टिवल हो.. सिंपल दाल-चावल के साथ भी यह सब्जी बेहद पसंद की जाती है. पहाड़ों में इसे आलू के गुटके कहा जाता है, जहां गुटके का मतलब होता है मोटे टुकड़ों में कटे हुए आलू, इस डिश को बनाने के लिए न ज्यादा समय लगता है और न ही मसाले. 

आलू के गुटके के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • उबले हुए आलू 4 से 5 (मोटे टुकड़ों में कटे)
  • सरसों का तेल 2 बड़े चम्मच
  • जीरा 1 छोटा चम्मच
  • जाखिया (कुमाऊं का खास मसाला)  ½ छोटा चम्मच
  • हींग एक चुटकी
  • हल्दी पाउडर ½ छोटा चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर 1 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर 1 छोटा चम्मच
  • नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया 
  • नींबू का रस 1 छोटा चम्मच

आलू के गुटके बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले आलू को उबालकर छील लें और बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें. कुमाउंनी स्टाइल में आलू बहुत छोटे नहीं काटे जाते, क्योंकि मोटे टुकड़े ही इस डिश की पहचान होती है.
  2. अब कढ़ाही में सरसों का तेल गरम करें. तेल अच्छे से धुआं छोड़ने लगे तो गैस स्लो कर दें. इसमें जीरा और जाखिया डालें.
  3. जाखिया चटकने के बाद तेल में हींग डालें और तुरंत उबले हुए आलू कढ़ाही में डाल दें.
  4. हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर आलू को अच्छे से चलाएं ताकि मसाले हर टुकड़े पर अच्छी तरह लिपट जाएं.
  5. मीडियम गैस पर 5 से 7 मिनट तक आलू को हल्का कुरकुरा होने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि नीचे से जले नहीं. जब आलू के किनारे हल्के सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं, तब गैस बंद कर दें.
  6. गैस बंद करने के बाद आप आलू के ऊपर नींबू का रस और कटा हुआ हरा धनिया डालकर हल्का सा मिला लें.

आलू गुटके की सब्जी को रोटी, दाल-चावल के साथ खाना बहुत टेस्टी लगता है और इनको आप रायते के साथ भी खा सकते हैं. आलू के गुटके की सब्जी सफर के दौरान टिफिन में ले जाने के लिए बेस्ट होती है, क्योंकि यह सूखी होती है इसलिए इसके गिरने का भी चांस नहीं होता है और आप इसे आराम से रोटी में रखकर फोल्ड करके खा सकते हैं. इसके अलावा सुबह नाश्ते के लिए जब टाइम कम हो,उस समय भी इस सब्जी को आप बहुत आराम से और जल्दी बना सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement