scorecardresearch
 

Kulfi Recipe: 10 रुपये के रस्क से घर पर जमाएं ठेले वाली मलाईदार कुल्फी! नोट कर लें ये सीक्रेट रेसिपी

Kulfi Recipe: अगर आप भी घर पर रखी चीजों से ही कुल्फी जमाना चाहते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए है. आप घर पर बिना मावा, कंडेंस्ड मिल्क या घंटों दूध जलाए सिर्फ रस्क और गुड़ की मदद से बिल्कुल सॉफ्ट और रबड़ीदार मलाई कुल्फी बना सकते हैं. चलिए जानते हैं आसान रेसिपी.

Advertisement
X
कुल्फी में ड्राई फ्रूट्स डालकर आप उसे और भी बढ़िया टेस्ट दे सकते हैं. (Photo: ITG)
कुल्फी में ड्राई फ्रूट्स डालकर आप उसे और भी बढ़िया टेस्ट दे सकते हैं. (Photo: ITG)

Kulfi Recipe:  गर्मियों में जैसे ही गली में 'कुल्फी वाला… ठंडी कुल्फी वाला…सुनाई देता है, वैसे ही घर के बच्चे नंगे पांव बाहर भाग जाते हैं. फिर उस लकड़ी के ठेले से 10 रुपये वाली ठंडी, मलाईदार कुल्फी खरीदकर खूब खुशी से खाते हैं. लकड़ी की स्टिक पर जमी इस केसरिया कुल्फी का हर बाइट आपको अंदर तक ठंडक दे जाता है.  

आजकल बाजार में न केवल आइसक्रीम्स बल्कि हजारों तरह की आइसक्रीम के फ्लेवर्स भी आ गए हैं, लेकिन उस ठेले वाली कुल्फी का 'रबड़ीदार' स्वाद आज भी लोग सबसे ज्यादा पसंद करते हैं. अगर हम आपसे कहें कि आप यही जायका अपनी रसोई में फिर से जिंदा कर सकते हैं, तो? सबसे मजेदार बात ये है कि इसके लिए आपको घंटों चूल्हे के सामने खड़े होकर दूध जलाने की या फिर बाजार से महंगा कंडेंस्ड मिल्क, मावा या मिल्क पाउडर खरीदने की भी जरूरत नहीं होगी. बस एक आसान और बेहद सस्ती किचन ट्रिक से तैयार आप बिल्कुल बाजार जैसी सॉफ्ट और दानेदार कुल्फी जमा सकते हैं.

क्या है सीक्रेट ट्रिक?
इस कुल्फी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें दूध को लंबे समय तक गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है. सिर्फ 2-3 घर पर रखी चीजों से आप मिनटों में कुल्फी का क्रीमी बेस तैयार कर सकते हैं.

इस रेसिपी का सबसे खास इंग्रीडिएंट चाय के साथ खाए जाने वाला रस्क है. जब रस्क को गर्म दूध में डाला जाता है, तो वो तुरंत दूध सोखकर सॉफ्ट हो जाता है और एकदम रबड़ी जैसा टेक्शचर दे देता है. यही वजह है कि कुल्फी में बिना मिल्क पाउडर या मावा डाले भी क्रीमीनेस आ जाती है.

इंग्रेडिएंट्स:

Advertisement
  • 1 लीटर दूध
  • 7–8 रस्क (टोस्ट)
  • 7–8 काजू
  • लगभग ½ कप गुड़ (या 7–8 चम्मच गुड़ पाउडर)
  • ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • 2–3 चम्मच दूध की मलाई (ऑप्शनल) 
  • केसर 
  • पिस्ता
  • बादाम
  • बर्फ के टुकड़े
  • थोड़ा सा नमक

बनाने का तरीका

1. कुल्फी जमाने के लिए सबसे पहले 1 लीटर दूध को मीडियम आंच पर 2 उबाल आने तक गर्म करें. इसमें 7–8 रस्क डालकर लगातार चलाते रहें ताकि रस्क पूरी तरह घुल जाएं. फिर 7–8 काजू डालें और गैस बंद करके इसे थोड़ा ठंडा होने दें.

2. जब दूध हल्का ठंडा हो जाए तो इसमें लगभग आधा कप गुड़ डालें. गर्म दूध में गुड़ डालने की गलती न करें. गुड़ अच्छे से घुलने दें, फिर आधा चम्मच इलायची पाउडर मिलाएं. अगर चाहें तो केसर, पिस्ता या बादाम भी डाल सकते हैं.

3. इस मिश्रण को 15–20 मिनट के लिए फ्रिज में ठंडा करें, फिर मिक्सर में डालकर अच्छे से पीस लें और एक स्मूद पेस्ट तैयार करें. इसके बाद 2–3 चम्मच दूध की मलाई डालकर फिर से मिला दें, इससे कुल्फी और क्रीमी बनेगी.

4. अब इस स्मूद पेस्ट को कुल्फी मोल्ड या गिलास में भरें, ऊपर से फॉइल या बटर पेपर से ढक दें. 1 घंटे बाद स्टिक लगाएं और सेट होने के लिए फ्रीजर में रख दें. अगर आप चाहते हैं कि कुल्फी जल्दी जम जाए, तो उसके लिए मोल्ड को बर्फ और नमक वाले जग में रख सकते हैं.

Advertisement

5. आप देखेंगे कि 7–8 घंटे बाद कुल्फी जम जाएगी. निकालने के लिए मोल्ड को हल्के पानी में डुबोएं और बाहर निकाल लें. आप ठेले वाली रबड़ीदार कुल्फी तैयार है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement