How To Keep Tomatoes Fresh: चिलचिलाती धूप और बढ़ते पारे का असर सिर्फ आपकी स्किन और सेहत पर ही नहीं, बल्कि रसोई की टोकरी में रखी सब्जियों पर भी साफ नजर आने लगता है. गर्मियों में सबसे बड़ा चैलेंज सब्जियों को खराब होने से बचाना होता है फिर चाहे वो कच्ची हों या पकी हुईं. इन सब्जियों में जो सबसे पहले सड़ती है वो लाल-लाल रसीले टमाटर होते हैं. अक्सर सुबह बाजार से लाए गए ताजे-ताजे फ्रेश टमाटर शाम होते-होते पिलपिले होने लगते हैं और महज दो दिनों में बुरी तरह सड़ जाते हैं. ऐसे में टमाटरों को सड़ने से बचाना मुश्किल हो जाता है.
ज्यादातर लोग इस समस्या से बचने के लिए टमाटरों को फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन हकीकत ये है कि फ्रिज की ठंडी हवा टमाटरों के कुदरती स्वाद और उनके टेक्शचर को बिगाड़ देती है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बिना फ्रिज के टमाटरों को लंबे समय तक फ्रेश कैसे रखा जाए. आज हम आपको इस समस्या से बचने के कुछ टिप्स और ट्रिक्स बताने वाले हैं, जिनसे टमाटर नहीं सड़ेंगे.
डंठल वाली तरफ नीचे रखें: टमाटर को रखने का तरीका भी उसकी फ्रेशनेस पर असर डालता है. हमेशा टमाटर को उल्टा यानी डंठल वाली साइड नीचे करके रखना चाहिए. इससे हवा अंदर कम जाती है और टमाटर जल्दी सड़ते नहीं हैं.
धूप से दूर रखें: टमाटरों को ऐसी जगह पर बिल्कुल नहीं रखना चाहिए जहां बहुत ज्यादा गर्मी हो या सीधा धूप आती हो. गर्मी और धूप टमाटर को तेजी से खराब कर देती है. इसलिए इन्हें हमेशा ठंडी, सूखी और हवादार जगह पर रखें.
पेपर में लपेटकर रखें: अगर आप चाहते हैं कि टमाटर ज्यादा समय तक फ्रेश रहें, तो उन्हें अखबार या हल्के से पेपर में लपेटकर रखें. इससे एक्सट्रा नमी कंट्रोल में रहती है और टमाटर जल्दी गलते नहीं हैं.
मिट्टी के बर्तन में करें स्टोर: पुराने समय में लोग सब्जियां फ्रेश रखने के लिए मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करते थे. मटका या मिट्टी का बर्तन अंदर से ठंडा रहता है. इसमें टमाटर रखकर ऊपर से ढक देने पर वो कई दिनों तक फ्रेश बने रह सकते हैं.
कच्चे और पके टमाटर अलग रखें: कभी भी सभी टमाटरों को एक साथ नहीं रखना चाहिए. पके हुए टमाटर एक खास तरह की गैस छोड़ते हैं, जिससे आसपास रखे दूसरे टमाटर भी जल्दी पकने और खराब होने लगते हैं. इसलिए कच्चे और पके टमाटरों को अलग-अलग रखें.
सॉफ्ट टमाटरों का तुरंत करें इस्तेमाल: अगर आपके लाए टमाटरों में कुछ हल्के नरम होने लगे हैं, तो उन्हें फेंकने की बजाय तुरंत इस्तेमाल कर लें. उनसे चटनी, सॉस या सब्जी बनाई जा सकती है. इससे बाकी टमाटर खराब होने से बच जाएंगे.